घटना के बाद जमा आक्रोषित लोगों की भीड़
दरभंगा-बिरौल एसएच-56 पर तेज रफ्तार दरभंगा-केसरी बस ने बाइक सवार दो युवकों को रौंद दिया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना से आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क जाम कर काफी देर तक हंगामा किया और बस में जमकर तोड़फोड़ की। घटना की सूचना पर पहुंची बिरौल थाना पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।
बताया जाता है कि बाइक सवार दोनों युवक सुपौल बाजार से दिवाली का सामान खरीदकर अपने घर महमुदा लौट रहे थे। इसी दौरान एसएच-56 पर सिसौनी मोड़ के पास ओवरटेक करने के दौरान बस ने उनकी बाइक को रौंद दिया। मृतक की पहचान महमुदा गांव निवासी दिलीप यादव के 20 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक दुर्गेश पंडित का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने बस में जमकर तोड़फोड़ की और दरभंगा-कुशेश्वरस्थान मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि इस कंपनी की बसों के चालक अक्सर तेज रफ्तार और अनियंत्रित तरीके से वाहन चलाते हैं। इस कारण लोग आए दिन हादसों का शिकार होकर अपनी जान गंवा रहे हैं। ग्रामीण कंपनी का लाइसेंस रद्द करने और लापरवाह चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं।
घटना के कारण करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर लगभग तीन-तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए छह थानों की पुलिस के साथ एसडीपीओ, एसडीएम और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस-प्रशासन आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम हटाने की कोशिश में जुटा है।