फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bihar: समस्तीपुर में बहुजन सरकार की हुंकार, संविधान बचाने और महाजंगलराज हटाने का लिया संकल्प

Fri, 01 Aug 2025 06:57 PM IST
आशुतोष प्रताप सिंह न्यूज डेस्क, अमर उजाला,समस्तीपुर

सार

समस्तीपुर के मोहनपुर स्थित तिरंगा भवन में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की जिला इकाई द्वारा आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में डबल इंजन सरकार पर जोरदार हमला बोला गया। सम्मेलन का उद्देश्य संविधान की रक्षा, दलितों-पिछड़ों के अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय के प्रति जनजागरूकता फैलाना था।

 

विज्ञापन
समस्तीपुर में बहुजन एकता की पुकार - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बसपा की समस्तीपुर जिला इकाई द्वारा तिरंगा भवन, मोहनपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार पर तीखा हमला किया गया। सम्मेलन में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि समस्तीपुर समेत पूरे बिहार में महाजंगलराज हावी है, जिसे उखाड़ फेंकने के लिए बहुजन समाज की सरकार आवश्यक है।
विज्ञापन


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं बिहार केंद्रीय प्रभारी अनिल कुमार ने कहा कि देश इस समय एक नाजुक मोड़ पर खड़ा है, जहां संविधान की आत्मा को कुचला जा रहा है। उन्होंने कहा, "यह सम्मेलन सिर्फ संगठनात्मक गतिविधि नहीं, बल्कि संविधान को बचाने का एक संकल्प है।" उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक करें और बताएं कि कुछ राजनीतिक दल सत्ता के लिए संविधान की मूल भावना को खत्म कर रहे हैं।

दलितों को जमीन न मिलने पर सरकार पर साधा निशाना
अनिल कुमार ने दलितों को तीन डिसमिल ज़मीन देने के सरकार के पुराने वादे की याद दिलाते हुए सवाल किया कि वह ज़मीन कहां है और कौन उसे हड़प गया? उन्होंने इसे "सांस्थानिक धोखा" करार दिया और कहा कि दलितों, पिछड़ों और गरीबों को केवल चुनाव के समय याद किया जाता है, लेकिन हक़ की लड़ाई में सरकारें खामोश रहती हैं।
विज्ञापन


योजनाएं बनीं घोषणाएं, हकीकत डरावनी
अनिल कुमार ने 'जल-जीवन-हरियाली', 'सात निश्चय' और 'दलित उत्थान' जैसी योजनाओं को केवल दिखावा बताया। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर के कई गांव आज भी जल संकट और हर साल बाढ़ व जलजमाव की समस्या से परेशान हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

ये भी पढ़ें: महाबोधि मंदिर के दर्शन करने पहुंचे उप चुनाव आयुक्त, पवित्र बोधि वृक्ष के समक्ष पूजा-अर्चना की


बसपा को बताया सामाजिक आंदोलन
सम्मेलन को संबोधित करते हुए केंद्रीय प्रभारी उमाशंकर गौतम और प्रदेश अध्यक्ष शंकर महतो ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी महज एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक सामाजिक आंदोलन है। उमाशंकर गौतम ने कहा कि हर दलित, पिछड़ा और शोषित व्यक्ति को अपने अधिकारों के लिए खड़ा होना होगा।

स्थानीय नेताओं ने उठाए जिले के मुद्दे
सम्मेलन में रत्नेश्वर राम, राजेश राम, राजू राम, कुशेश्वर दास, कुणाल कुमार और जनार्दन राम सहित कई स्थानीय नेताओं ने भी जिले की समस्याओं पर अपनी बात रखी। उन्होंने अफसरशाही और भ्रष्टाचार को योजनाओं के लाभ में सबसे बड़ी बाधा बताया।
विज्ञापन


हर सीट पर चुनाव लड़ने का ऐलान
सम्मेलन के अंत में प्रस्ताव पारित कर यह संकल्प लिया गया कि बहुजन समाज पार्टी समस्तीपुर जिले की सभी विधानसभा सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगी और संविधान विरोधी ताकतों को परास्त करेगी। साथ ही गांव-गांव में संविधान जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें आमजन को बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर द्वारा प्रदत्त अधिकारों और संविधान की मूल भावना से अवगत कराया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें