Darbhanga News: मनरेगा प्रोग्राम पदाधिकारी संजीव कुमार के विदाई समारोह के दौरान जश्न भारी पड़ गया। शराब की एंट्री ने मामले को हाइप दे दिया। खबर पुलिस को लगी तो एक मनरेगा कर्मी सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। बड़ा सवाल ये है कि सरकारी भवन में कैसे शराब की पार्टी आयोजित कर दी गई।
Darbhanga News: जाम हो और झाम न हो...! क्या ऐसा हो सकता है? पर हां ऐसा हुआ है। बिहार में एक सरकारी अफसर की विदाई के दौरान जाम छलकाना उनके चाहने वालों को भारी पड़ गया। दरअसल, दरभंगा जिले के कुशेश्वरस्थान प्रखंड के मनरेगा प्रोग्राम पदाधिकारी संजीव कुमार के विदाई समारोह के दौरान मनरेगा कार्यालय में शराब पार्टी करते हुए पुलिस ने एक मनरेगा कर्मी सवेरा कुमार सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष अंकित चौधरी ने बताया कि चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है और मौके से फरार हुए लोगों की पहचान की जा रही है।
मौके से शराब और मटन मिलने की बात भी सामने आई है
विज्ञापन
बताया जाता है कि मंगलवार की शाम मनरेगा पीओ संजीव कुमार के स्थानांतरण के उपलक्ष्य में विदाई समारोह का आयोजन किया गया था। समारोह के दौरान ही मनरेगा कार्यालय के एक कमरे में शराब पार्टी चल रही थी। इसी बीच किसी ने कुशेश्वरस्थान थाना पुलिस को सूचना दे दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे से कासिमपुर के विजय कुमार यादव, अदलपुर के राहुल कुमार पासवान, परमानंदपुर के रामनरेश यादव तथा मनरेगा कर्मी बेनीपुर के सवेरा कुमार को गिरफ्तार कर लिया। जबकि कुछ लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस के अनुसार मौके से शराब और मटन मिलने की बात भी सामने आई है।
मनरेगा कार्यालय भवन सजी थी महफिल
इस संबंध में कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष अंकित चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मनरेगा कार्यालय भवन से शराब पार्टी करते चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कुछ लोग मौके से फरार हो गए हैं। भागने वालों की पहचान की जा रही है। गिरफ्तार लोगों में एक मनरेगा कर्मी शामिल है, बाकी की पहचान की प्रक्रिया चल रही है।