राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने बुधवार को अपना 22वां स्थापना दिवस मनाया है। इसके बाद और पहले से मीडिया में आ रही खबरों पर बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बिहार में भ्रष्टाचार और अपराध जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं लेकिन मीडिया को नहीं दिख रहा है। मीडिया को सिर्फ राज्य के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप सिंह की पत्नी दिख रही है।
बता दें कि बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप सिंह की पत्नी ऐश्वर्या की राजनीति में प्रवेश करने की अटकलें तेज हैं। ऐसा इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि स्थापना दिवस के पोस्टरों और बैनर में तेज प्रताप का नाम गायब था जबकि उनकी पत्नी का नाम शामिल था। एक खबर ये भी है कि ऐश्वर्या 2019 लोकसभा चुनाव भी लड़ सकती हैं। कहा जा रहा है कि 2019 लोकसभा चुनाव में ऐश्वर्या सारण से चुनाव लड़ सकती है जो कभी लालू की सीट मानी जाती थी। यहां से लालू कई बार सांसद चुने जा चुके हैं। 2014 लोकसभा चुनाव में यहां से राबड़ी देवी उम्मीदवार थीं हालांकि यहां से भाजपा से राजीव प्रताप रुढ़ी निर्वाचित हुए थे।
हालांकि, पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर लालू परिवार एकजुट दिखाई दिया लेकिन तेजप्रताप और तेजस्वी के बीच की दूरियां साफ दिखाई दी। तेजप्रताप अब कोई मौका नहीं खोना चाहते कि पार्टी में उनका दबदबा बना रहे। तेजप्रताप जब बोल रहे थे उस समय मंच पर बैठे सभी नेता असहज दिखाई दिए। तेजप्रताप ने तो यहां तक बोल दिया कि मंच पर बैठे लोग सीनियर मास्टर हैं लेकिन वो सबसे सीनियर मास्टर हैं।
इस बात से अंदाजा लगाया जा सकता है कि तेजप्रताप ने मंच से कहा कि तेजस्वी ने उनसे आग्रह किया था कि भैया कम भाषण देना क्योंकि उन्हें बोलना है। तेजप्रताप यही नहीं रूके आगे कहा कि 'वो दिल्ली जाएगा तब हम ना सम्भालेंगे यहां सब कुछ'।
तेज प्रताप ने कहा कि सीनियर मास्टर हम हैं। मेरा विराट रूप देखकर ही तेजस्वी राजनीति में आया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस प्रयास में हैं कि तेज और तेजस्वी को अलग किया जाए, लेकिन तेज अपने भाई का साथ मरते दम तक देगा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी को अभी और आगे बढ़ना है और बढ़ते जाना है, जो लोग जलते हैं जलने दीजिए। हम तेजस्वी को आशीर्वाद देंगे और मुकुट पहनाएंगे।
इससे पहले 22 साल में पहली बार स्थापना दिवस समारोह में लालू प्रसाद मौजूद नहीं हैं। उनकी जगह कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने की। राबड़ी देवी और मीसा भारती भी कार्यक्रम से दूर रहीं, लेकिन पार्टी और परिवार में एकजुटता दिखाने के लिए लालू के दोनों बेटे न केवल साथ साथ समारोह स्थल पर आए बल्कि कार्यक्रम का उद्घाटन भी संयुक्त रूप से किया।