बिहार के बांका जिले में एक नाई के बाल काटने से इनकार करने पर उसकी हत्या कर दी गई। दरअसल, मैनवा गांव में एक नाई ने गांव वालों को अपनी सेवा देने से इनकार कर दिया, इस पर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मृतक दिनेश ठाकुर की पत्नी मूसो देवी द्वारा दर्ज एफआईआर के अनुसार, लॉकडाउन के दौरान गांव वाले उसे बाल और दाढ़ी काटने के लिए दबाव बना रहे थे। उसने बताया कि शनिवार को, ठाकुर को गांव के बिपिन दास नाम के एक आदमी ने बुलाया था। अगले दिन उसका शव दो गोली के निशान के साथ गांव के तालाब में मिला।
अमारपुर पुलिस स्टेशन इंजार्ज कुमार सनी ने बताया कि मुख्य आरोपी बिपिन दास गायब है। हमने अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बारे में अधिक जानकारी जुटाने के लिए गांव वालों से बात की जा रही है।