बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्राथमिक व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा जिला अस्पतालों में उपलब्ध सुविधाओं को और बेहतर करने के लिए योजनाओं पर तेजी से काम करने का निर्देश दिया है।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री एक अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में आत्मनिर्भर बिहार के सात निश्चय पार्ट-2 के तहत स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। समीक्षा के दौरान नीतीश ने कहा कि राज्य में कोरोना संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए बेहतर कार्य किए गए हैं।
बड़ी संख्या में टेस्टिंग होने से संक्रमण के फैलाव को रोकने में काफी मदद मिली है। जब तक वैक्सीनेशन न हो जाए तब तक कोरोना संक्रमण की जांच इसी तरह मेंटेन रखें।
उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो की तर्ज पर पूरी सजगता के साथ वैक्सीनेशन का कार्य बेहतर तरीके से हो। वैक्सीनेशन के लिए स्टोरेज की पर्याप्त व्यवस्था रखें। वैक्सीनेशन कार्य में मैन पॉवर का समायोजन इस प्रकार हो कि अन्य स्वास्थ्य सेवाएं भी सुचारु रूप से चलती रहे।