पटना एम्स (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : Facebook/Bihar
पटना स्थित एम्स में एक कोरोना मरीज ने खुदकुशी कर ली। मिली जानकारी अनुसार बेगूसराय जिले के चिरतौला गांव के रहने वाले 57 साल के रामचंद्र शाह ने एम्स के पांचवी मंजिल के बाथरूम से छलांग लगा दी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मृतक को 2 मई को एम्स में भर्ती कराया गया था, लेकिन मरीज की हालत में सुधार नहीं था।
18 मई को एम्स में हुआ था भर्ती
बुधवार की शाम पांच बजे उसने छत से कूदकर जान दे दी। जानकारी के मुताबिक मृतक बंगलुरु स्थित राइस मिल में लेबर कांट्रेक्टर था। 2 मई को वो बेंगलुरु से अपने पैतृक गांव वापस आया था। 12 मई को कोरोना का लक्षण दिखने के बाद 18 मई को उसे पटना एम्स में भर्ती कराया गया था।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना पर फुलवारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। इधर, घटना की जानकारी पाकर मृतक का बेटा गोपाल भी मौके पर पहुंचा. उसने बताया कि पिता जी ने आखिरी बार वीडियो कॉलिंग के दौरान हाथ हिलाकर कहा था कि अब वह इस दुनिया से जा रहे हैं। थानेदार राफिकुर रहमान ने बताया कि मरीज ने आत्महत्या की। मामले की जांच की जा रही है। शव का अंतिम संस्कार करने की प्रक्रिया कर दी गई है।
डॉक्टर ने तोड़ा दम
वहीं, 26 मई को एम्स के रेजिडेंट डॉक्टर प्रदीप कुमार की कोरोना से मौत हो गई। प्रदीप कुमार मूल रूप से बिहार के शिवहर जिला के कोल्लूहटिका गांव के रहने वाले थे। पिछले कुछ समय से वह कोरोना संक्रमित थे और आईसीयू में भर्ती थे, लेकिन बुधवार को उन्होंने आखिरी सांस ली।