TRE-4 : अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज पर विपक्ष ने सरकार पर हमला किया है। इस मामले पर कांग्रेस पार्टी ने राज्य सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने सरकार को चेतावनी भी दी।
बिहार में TRE-4 की मांग कर रहे अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने राज्य सरकार की नीतियों और कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने सरकार को चेतावनी भी दी।
गरीब बच्चों का भविष्य अंधकार में
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि वर्तमान सरकार युवाओं, छात्रों और शिक्षा व्यवस्था को संभालने में पूरी तरह अक्षम साबित हुई है। उन्होंने सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार का पूरा ध्यान सिर्फ सत्ता बचाने और राजनीतिक समीकरणों को साधने पर है, जबकि प्रदेश का युवा सड़कों पर पिट रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार के सरकारी स्कूलों में लाखों पद खाली पड़े हैं, जिससे गरीब बच्चों का भविष्य अंधकार में है। स्कूलों में पढ़ाई न होने के कारण छात्र महंगी कोचिंग के भरोसे हैं। सरकार के पास कोचिंग संस्थानों की फीस और संचालन को लेकर कोई ठोस नीति नहीं है।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar News: पटना आईआईटी कैंपस में तेलंगाना के छात्र का शव मिलने से हड़कंप, मौत के कारणों का पता लगा रही पुलिस
सरकार को दी चेतावनी
राजेश राम ने लाठीचार्ज की निंदा करते हुए सरकार पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ मंत्रियों के परिजनों को राजनीतिक अवसर और ऊंचे पद दिए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ योग्यता रखने वाले बेरोजगार युवा रोजगार की मांग करने पर लाठियां खा रहे हैं। राजेश राम ने कहा कि अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र की हत्या है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों के आंदोलन का पूर्ण समर्थन करती है। यदि सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और रोजगार के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो आने वाले दिनों में कांग्रेस राज्यव्यापी बड़ा आंदोलन शुरू करेगी।