कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला
- फोटो : ANI
बिहार में विधानसभा चुनाव के बीच मुंगेर में हुई गोलीबारी की घटना से राज्य का सियासी माहौल गरमा गया है। विपक्ष लगातार सरकार को घेरने में लगा हुआ है। वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला की अगुवाई में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को मुंगेर लाठीचार्ज और फायरिंग को लेकर बिहार के राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात की।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद कहा, हमने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी को तत्काल निलंबित करने की मांग की है। मारे गए व्यक्ति के परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि बिहार के मुंगेर में गोलीकांड को लेकर गुरुवार को फिर बवाल हुआ। गुस्साए लोगों ने पूरब सराय थाने में आग लगा दी। उग्र भीड़ ने कई पुलिस वाहन फूंक दिए। एसडीओ व डीएसपी के दफ्तर व आवास पर भी पथराव किया गया। जिले की स्थिति को देखते हुए चुनाव आयोग ने जिला कलेक्टर राजेश मीणा व एसपी लिपि सिंह को हटा दिया।
घटना को लेकर बिहार चुनाव आयोग के सीईओ ने ट्वीट कर बताया कि मुंगेर की एसपी और डीएम को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। उन्होंने लिखा, 'मुंगेर में मौजूदा स्थिति के मद्देनजर, चुनाव आयोग ने एसपी और डीएम मुंगेर को तत्काल हटाने का आदेश दिया है। आयोग ने श्री असंगबा चुबा एओ, मंडल आयुक्त, मगध को पूरी घटना की जांच करने का आदेश दिया है, जिसे अगले सात दिनों के भीतर पूरा किया जाना है।'