घटना के बाद से परिजन शोक में डूबे हैं
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेगूसराय में आग बुझाने के दौरान बहुत ज्यादा धुआं होने के कारण युवक की दम घुटने से दर्दनाक मौत हो गई। मौत की खबर मिलने के बाद परिजनों में मातम छा गया। घटना नयागांव थाना क्षेत्र के खड़कपुर गांव की है। मृतक युवक की पहचान खड़कपुर गांव के रहने वाले अरविंद रजक के बेटे मिथलेश रजक के रूप में की गई है।
परिजनों ने बताया कि सोमवार की रात गांव में भीषण आग लग गई थी। आग लगने के बाद उस जगह काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा और लोग इधर-उधर जान बचाकर भागते रहे। वहीं, मिथलेश रजक आग बुझाने की कोशिश कर रहा था। बहुत ज्यादा धुआं रहने के कारण दम घुटने से मिथलेश की तबीयत बिगड़ गई।
परिजनों ने बताया कि इसके बाद वे आनन-फानन में उसे इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल इस घटना के बाद परिजनों ने नयागांव थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पुलिस ने पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल भेज दिया। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, मिथलेश रजक कंप्यूटर टीचर था। बता दें कि बेगूसराय में लगातार आग का कहर देखने को मिल रहा है। आग लगने के कारण कई घर जलकर राख हो गए हैं। घर जलने के बाद लोग बेघर हो गए हैं।