दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बिहार में एक आपराधिक शिकायत दर्ज की गई है। ये शिकायत राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बिहार से आए लोगों के बारे में दिए गए केजरीवाल के मुफ्त चिकित्सा वाले बयान को लेकर दर्ज की गई है।
केजरीवाल के खिलाफ ये याचिका सामाजिक कार्यकर्ता नीतीश कुमार ने बुधवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रेम चंद्र वर्मा की अदालत के समक्ष दायर की गई। मामले को सुनवाई के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट के पास भेज दिया गया है।
अपनी शिकायत में कुमार ने आरोप लगाया है कि केजरीवाल की टिप्पणी से उन्हें दुख हुआ। कुमार के वकील सुरेंद्र कुमार भारती ने कहा कि केजरीवाल ने कहा था कि बिहार के लोग 500 रुपये का टिकट खरीदकर दिल्ली आते हैं और पांच लाख रुपये के मुफ्त चिकित्सा उपचार का लाभ उठाकर वापस जाते हैं।
कुमार ने अपनी याचिका में कहा कि दिल्ली के सीएम ने गैर-जिम्मेदाराना बयान दिया है। उन्होंने देश और राज्य की शांति, एकता, संप्रभुता और सद्भाव को कम करने की कोशिश की है। केरीवाल पर भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत याचिका दर्ज की गई है।