बिहार के सीतामढ़ी जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात पुलिसकर्मियों और एक नक्सली की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब दो हार्डकोर नक्सलियों को भागलपुर से सीतामढ़ी की अदालत में पेश करने के लिए ले जाया जा रहा था।
सीतामढ़ी शहर पहुंचने से पहले ही कैदी वैन और एक ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो जाने की वजह से सात पुलिसकर्मियों और एक नक्सली की मौत हो गई। हादसे में वैन में सवार अन्य 5 पुलिसकर्मी और एक नक्सली बुरी तरह घायल हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीतामढ़ी के पुलिस उपाधीक्षक (टाउन) आशीष आनंद ने बताया कि यह हादसा शनिवार की अहले सुबह 5 बजे रून्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के गायघाट गांव के पास हुआ।
उन्होंने कहा कि हादसे में 4 पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था जबकि 1 नक्सली और तीन पुलिसकर्मियों की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई। आनंद ने बताया कि हादसे में पुलिस वैन के ड्राइवर मुन्ना सिंह की भी मौत हो गई है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हादसे में 8 लोगों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए मृत पुलिसकर्मियों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने का एलान किया है। मुख्यमंत्री ने घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश भी दिया है।