फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीएम मोदी के पिता पर खरगे की टिप्पणी: एनडीए के नेता मल्लिकार्जुन पर हमलावर, नड्डा-शिवराज से लेकर चिराग ने घेरा

Sun, 25 Oct 2026 07:59 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पटना

सार

पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर विवाद हो गया। प्रधानमंत्री मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर अमित शाह समेत सीएम सम्राट चौधरी ने आपत्ति जताई और कांग्रेस पर निशाना साधा। 

विज्ञापन
एनडीए के नेता - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पटना में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता के खिलाफ कथित तौर पर अपशब्दों के इस्तेमाल को लेकर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। इसी मौके पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खरगे, राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी से माफी मांगने की मांग की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का कहना है कि खरगे की टिप्पणी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका आरोप है कि कांग्रेस और राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी के परिवार के प्रति दुर्भावना दिखाने का प्रयास करते हैं।

विज्ञापन


गृह मंत्री अमित शाह भी बिफरे
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर खरगे की टिप्पणी पर आपत्ति जताई। उन्होंने लिखा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को पटना में प्रधानमंत्री मोदी के पिता के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दीं।

पढे़ं: खरगे के कार्यक्रम में हंगामा, युवक बोला- मोदी कहीं नहीं जाएंगे, कांग्रेस अध्यक्ष ने दिया विवादित बयान

अमित शाह ने आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी या उनके परिवार के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि कभी प्रधानमंत्री की माताजी के बारे में अपशब्द कहे गए, कभी उन्हें 'मौत का सौदागर' कहा गया, तो कभी 'चायवाला' कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया गया। शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है।

विज्ञापन


केंद्रीय मंत्री नड्डा भी हमलावर
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वर्गीय पिता के प्रति कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा की गई आपत्तिजनक टिप्पणी की जितनी कड़ी निंदा की जाए, कम है। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार से हताश कांग्रेस अपनी राजनीतिक खुन्नस प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार पर अनर्गल टिप्पणियों के माध्यम से निकाल रही है। देश और दुनिया में मोदी जी की बढ़ती लोकप्रियता और जनता के अटूट विश्वास से उपजी विपक्ष की बौखलाहट अब उसकी भाषा और व्यवहार में स्पष्ट दिखाई दे रही है।

धर्मेंद्र प्रधान ने भी साधा निशाना
पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति कांग्रेस पार्टी की नफरत जगजाहिर है। इसी नफरती सोच को आगे बढ़ाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी के स्वर्गीय पिता को लेकर जो अभद्र टिप्पणी की है, ये कांग्रेस की गिरती साख और बढ़ती हताशा को दिखाता है। प्रधान ने कहा कि जिस पद की जिम्मेदारी लोकतांत्रिक मूल्यों और सार्वजनिक शालीनता को बनाए रखने की है, उसी पद से ऐसी भाषा का इस्तेमाल बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। राजनीतिक विरोध में मर्यादा भूल चुकी कांग्रेस अब नीतियों और विचारों के आधार पर मुकाबला करने की बजाय केवल व्यक्तिगत अपमान का सहारा ले रही है।

शिवराज सिंह चौहान ने क्या कहा?
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मन बहुत व्यथित है। मल्लिकार्जुन खड़गे जी जैसे वरिष्ठ नेता से अपेक्षा थी कि वे मर्यादित भाषा का इस्तेमाल करेंगे। प्रधानमंत्री जी के पूज्य पिताजी के बारे में ऐसी अमर्यादित भाषा भारतीय सभ्यता, संस्कृति, संस्कार, जीवन मूल्यों और शालीनता के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि पराजित होते-होते कांग्रेस इतनी बौखला गई हैं कि अपना मानसिक संतुलन खो बैठी हैं। मैं सोनिया गांधी जी से पूछना चाहता हूं कि क्या खड़गे जी ने गांधी परिवार के इशारे पर ऐसी भाषा का इस्तेमाल किया? यदि नहीं, तो क्या कांग्रेस उनसे इस्तीफा लेगी?

चिराग पासवान भी बोले
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि बिहार सभ्यता की जननी है, ऐसे में बिहार की धरती से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण है। लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और पद की गरिमा का सम्मान बनाए रखना जरूरी है। राजनीतिक विरोध तथ्यों और तर्कों पर आधारित होना चाहिए, न कि व्यक्तिगत टिप्पणियों पर।

क्या कहा था खरगे ने?
पटना में रविवार को कांग्रेस के एक कार्यक्रम के दौरान हंगामा हो गया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बापू सभागार में मोदी सरकार और उसकी नीतियों पर बोल रहे थे। इसी दौरान कांग्रेस का एक कार्यकर्ता खड़ा हुआ और कहा कि मोदी जी नहीं जाने वाले हैं। जब तक देश में विद्रोह नहीं होगा, तब तक मोदी सरकार नहीं हटेगी। इस पर खरगे ने गुस्से में कहा, 'मोदी क्या, उसका बाप भी जाएगा।' उन्होंने यह बात तीन बार दोहराई। इसके बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उस कार्यकर्ता की पिटाई कर दी, जिसने कहा था कि मोदी नहीं जाने वाले हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें