आगामी 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष को एकजुट करने के उद्देश्य से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। बैठक में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और जदयू नेता संजय झा भी मौजूद थे। दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच कई राजनीतिक मुद्दों पर बातें हुईं। वहीं थोड़ी देर में अब नीतीश कुमार हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इनेलो सुप्रीमो ओम प्रकाश चौटाला से भी मुलाकात करेंगे। वहीं इससे पहले उन्होंने CPI-M नेता सीताराम येचुरी से भी मुलाकात की थी। मुलाकात के बाद दोनों नेता मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने की उनकी कोई इच्छा नहीं है और न ही वे दावेदार हैं, बस कोशिश है कि पूरे देश में जो भी स्थानीय पार्टी हैं वे सभी एक साथ मिल जाएं तो बहुत बड़ी बात होगी। वहीं सीताराम येचुरी ने कहा कि नीतीश कुमार के हमारी पार्टी दफ्तर में दोबारा आने का स्वागत है और ये देश के प्रति एक बेहतर संकेत दिया गया है। विपक्ष की पार्टियां को एक होकर देश के संविधान को बचाना है। हमलोगों का पहला टास्क है सबको एकजुट करना।