बिहार के पश्चिम चंपारण से पांचवीं क्लास के एक छात्र की शिक्षकों द्वारा बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। घटना बगहा-एक प्रखंड के अतिरिक्त राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय की है। जहां गुरुवार के दिन पांचवीं क्लास के छात्र गुलशन कुमार को शिक्षकों ने बेरहमी से पीटा। इस मामले को लेकर पीड़ित छात्र के परिजनों ने प्रधान शिक्षिका समेत तीन शिक्षकों पर एफआईआर दर्ज करवाई है।
जानकारी के मुताबिक, अतिरिक्त राजकीयकृत उत्क्रमित मध्य विद्यालय में गुरुवार को पांचवीं क्लास के छात्र गुलशन कुमार को शिक्षकों ने बेरहमी से पीटा। इसे लेकर छात्र के परिजनों ने प्रधान शिक्षिका सरिता देवी, सहायक शिक्षक धर्मेंद्र कुमार और कृष्णा के खिलाफ सोमवार को बथवरिया थाना में एफआईआर दर्ज कराई है। साथ ही बगहा एसडीएम को लिखित आवेदन देकर आरोपी शिक्षकों पर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
पीड़ित छात्र जैनिटोला गांव निवासी मनोज यादव का नौ साल का बेटा गुलशन कुमार है। छात्र गुलशन ने बताया कि गुरुवार को प्रधान शिक्षिका सरिता मैडम से पांच मिनट की छुट्टी लेकर शौच करने के लिए घर चला गया था। करीब दस मिनट बाद विद्यालय लौटा तो मैडम गुस्सा हो गईं और पिटाई कर दी। पिटाई के बाद हमने कहा कि पढ़ाई नहीं करेंगे, घर जाएंगे। इतने में सहायक शिक्षक धर्मेंद्र कुमार और कृष्णा सर बांह पकड़कर घसीटते हुए कमरे में ले गए। फिर दरवाजा बंद कर छड़ी और लात-घूंसों से बेरहमी से मारा। मामले की जानकारी मिलने पर परिवार वाले स्कूल पहुंचे और उसे घर ले गए। पीड़ित छात्र गुलशन कुमार के शरीर पर पिटाई के जख्म देखकर परिजन समेत ग्रामीणों में आक्रोश है।
बथवरिया थाना थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़ित छात्र द्वारा आवेदन मिला है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। दोषी शिक्षकों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।