दीपिका पादुकोण अभिनीत फिल्म 'पद्मावत' बिहार में रिलीज होगी या नहीं, इस पर अभी भी भ्रम की स्थित बनी हुई है। बिहार सरकार ने अब तक यह तय नहीं किया है कि फिल्म को राज्य में रिलीज होने देने है या नहीं।
बिहार सरकार में संस्कृति मंत्री केके ऋषि ने शनिवार को कहा है कि, 'हम कुछ दिनों में अपने फैसले का ऐलान कर देंगे।'
सरकार में विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री
नीतीश कुमार को ही इस बारे में अंतिम फैसला लेना है और इसलिए इससे संबंधित अन्य लोगों कुछ ठोस नहीं बता सकते।
फिल्म एक दिसंबर को बिहार में रिलीज होने वाली थी। लेकिन फिल्म के कुछ दृश्यों और एक गीत पर समाज के एक हिस्से के विरोध के बाद नीतीश कुमार ने नवंबर में फिल्म पर प्रतिबंध लगा दिया था।
उस समय चार राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश ने भी इस फिल्म के रिलीज होने पर पाबंदी लगा दी थी।
संजय लीला भंसाली की फिल्म जिसे हाल ही में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने मंजूरी दे दी, अब 25 जनवरी को हर जगह रिलीज हो रही है।
हालांकि, इसके नाम में कुछ बदलाव और सीबीएफसी द्वारा कुछ कट लगाए जाने के बावजूद, राजस्थान, गुजरात और मध्यप्रदेश की सरकारों ने अपने राज्यों में फिल्म को रिलीज नहीं करने के अपने फैसले को बरकरार रखा है। हालांकि उत्तर प्रदेश ने फिल्म को रिलीज करने में हरी झंडी दिखा दी है।
बिहार में सिनेमा घर मालिक उम्मीद भरी निगाहों से राज्य सरकार के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। अधिकारी अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। गृह विभाग और राज्य जनसंपर्क विभाग एक दूसरे पर इसकी जिम्मेदारी डाल रहे हैं।
गृह विभाग के प्रधान सचिव आमिर सुभानी का कहना है कि इसकी जिम्मेदारी सूचना और जनसंपर्क विभाग (आईपीआरडी) की थी, जबकि आईपीआरडी के निदेशक अनुपम कुमार ने कहा कि गृह विभाग अंतिम फैसला लेगा।
पटना में मोना सिनेमा हॉल के मैनेजर शरद कुमार का कहना है कि, 'हालांकि सीबीएफसी ने कुछ बदलावों के साथ इसे मंजूरी दे दी है और निर्माता ने 25 जनवरी को इसे रिलीज करने की योजना बनाई है, लेकिन हमसे (फिल्म के राज्य वितरकों द्वारा) संपर्क नहीं किया गया है। हम (फिल्म के रिलीज की) कार्यक्रम का उत्सुकता से इंतजार कर रहे हैं।'