लोजपा सांसद चिराग पासवान ने रालोसपा सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा को साफ शब्दों में कहा है कि राजग के नेताओं की आलोचना करना है तो गठबंधन छोड़कर बाहर जाएं। उन्होंने कुशवाहा को दो नावों की सवारी ना करने की भी नसीहत दी। इधर, कुशवाहा ने प्रधानमंत्री से मिलने का समय मांगा है। बताया जा रहा है कि कुशवाहा की 30 नवंबर को प्रधानमंत्री से मुलाकात हो सकती है।
सोमवार को जमुई के दौरे के दौरान चिराग पासवान ने रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को दो नाव पर नहीं चढ़ने की नसीहत दी है। किसी भी नेता का अपने ही गठबंधन के सहयोगियों के खिलाफ बोलना गलत बात है। चिराग ने कहा कि इससे साफ लगता है कि कुशवाहा एनडीए गठबंधन से अलग होना चाहते हैं। उनका सीट शेयरिंग के मुद्दे पर डेडलाइन और अल्टीमेटम देना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि कुशवाहा फिलहाल दबाव की राजनीति कर रहे हैं। इसके साथ ही चिराग ने भाजपा से जल्द ही सीटों का एलान करने की मांग भी की।