मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बापू टावर के भूतल, तीसरे एवं पांचवें तल पर बनी दीर्घाओं का अवलोकन किया, जहां महात्मा गांधी के जीवन, विचारों और आदर्शों से संबंधित प्रदर्श लगाये गये हैं। भूतल पर बने ओरियेंटेशन हॉल का भी मुख्यमंत्री ने निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को गांधी जी के जीवन से जुड़े म्यूरल, कटआउट, स्क्रीन प्रोजेक्टर और अन्य आधुनिक तकनीकों के माध्यम से प्रस्तुत प्रदर्शनों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने प्रेक्षागृह, प्रतीक्षा कक्ष, लाउंज, अनुसंधान केंद्र, आगंतुक सुविधाओं और पांच रैम्पों सहित अन्य संरचनाओं का भी जायजा लिया।
बापू टावर की भव्यता की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह टावर आमजन और विशेषकर नई पीढ़ी को बापू के जीवन, विचारों और स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका को समझने का एक सशक्त माध्यम प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यहां बापू के बिहार से जुड़े संबंधों को भी बेहतर ढंग से प्रस्तुत किया गया है। परिसर को हरा-भरा और व्यवस्थित बनाए रखने का निर्देश भी मुख्यमंत्री ने दिया।
यह भी पढ़ें: सीवान में खूनी संघर्ष, तीन लोगों की मौत; तलवारबाजी के साथ खुलेआम फायरिंग में मौतें, बाजार बंद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने टावर भ्रमण पर आये स्कूली बच्चों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्द्धन किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि बापू टावर में आकर गांधी जी की जीवनी से जुड़ी जानकारियां जरूर प्राप्त करें और उनके आदर्शों को जीवन में अपनाएं। निरीक्षण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, सचिव सह भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।