ज्योतिषाचार्य पंडित राकेश झा।
- फोटो : अमर उजाला
सूर्य के साथ उषा और प्रत्युषा की होती है पूजा
ज्योतिषाचार्य राकेश झा के अनुसार, छठ में भगवान सूर्य के साथ उनकी शक्तियों उषा और प्रत्युषा की भी आराधना की जाती है। सूर्य की अंतिम किरण को प्रत्युषा और पहली किरण को उषा कहा जाता है। यही वजह है कि छठ में पहले अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है और अगले दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर नमन किया जाता है। इस तरह छठ में सूर्य की दोनों अवस्थाओं की पूजा होती है। यह प्रकृति के चक्र और जीवन में निरंतरता के महत्व को भी दर्शाता है।
षष्ठी तिथि छठी मैया और सप्तमी सूर्यदेव को समर्पित
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठ पर्व में षष्ठी माता और भगवान सूर्य की संयुक्त आराधना की जाती है। षष्ठी तिथि के स्वामी भगवान कार्तिकेय माने जाते हैं और षष्ठी देवी को देवसेना के रूप में भी जाना जाता है। इन्हें लोकपरंपरा में छठी मैया कहा जाता है। विष्णु पुराण के अनुसार, तिथियों के विभाजन के समय भगवान सूर्य को सप्तमी तिथि प्रदान की गई थी। वहीं, अथर्ववेद की मान्यता के अनुसार षष्ठी देवी भगवान सूर्य की मानस बहन हैं। इसलिए छठ में सूर्यदेव के साथ षष्ठी माता की पूजा का विशेष महत्व है। मान्यता है कि छठी मैया बच्चों की रक्षा करती हैं और परिवार को सुख-समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं। बच्चे के जन्म के छठे दिन भी षष्ठी माता की पूजा करने की परंपरा है।
नहाय खाय के दिन अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया जाता है।
- फोटो : एआई
प्रकृति को समर्पित है छठ, आपसी सौहार्द का देता है संदेश
ज्योतिषाचार्य राकेश झा ने बताया कि छठ प्रकृति को समर्पित महापर्व है। इसमें सूर्य, जल, धरती और मौसमी फलों का विशेष महत्व है। पूजा में ईख, नारियल, केला, गागर, ठेकुआ और अन्य मौसमी फलों को प्रसाद के रूप में अर्पित किया जाता है। इस पर्व में जाति, वर्ग और आर्थिक स्थिति का भेद पीछे छूट जाता है। सभी लोग एक साथ घाटों की सफाई करते हैं और एक-दूसरे के सहयोग से पूजा की तैयारियां करते हैं। यही कारण है कि छठ सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द, स्वच्छता और प्रकृति के संरक्षण की सीख देने वाला पर्व भी है।
स्वस्थ जीवन और शुद्धता से भी जुड़ी है छठ की परंपरा
छठ के प्रसाद और खानपान में मौसमी खाद्य पदार्थों का विशेष महत्व है। ज्योतिषाचार्य राकेश झा के अनुसार, खरना में गुड़ से बनी खीर का प्रसाद तैयार किया जाता है। इसके अलावा ईख और मौसमी फलों का इस्तेमाल होता है। नहाय-खाय में लौकी की सब्जी, अरवा चावल और चने की दाल ग्रहण करने की परंपरा है। छठ के दौरान साफ-सफाई, शुद्ध भोजन और संयमित दिनचर्या पर विशेष ध्यान दिया जाता है। व्रती चार दिनों तक नियम और निष्ठा के साथ अनुष्ठान करते हैं। धार्मिक मान्यता है कि इस पूजा से परिवार में सुख-शांति, आरोग्य, संतान सुख और समृद्धि आती है।
नहाय-खाय से उषा अर्घ्य तक चार दिनों का पूरा कार्यक्रम
13 नवंबर, शुक्रवार : नहाय-खाय
- छठ के पहले दिन व्रती गंगा नदी, तालाब या अन्य पवित्र जलाशयों में स्नान करते हैं। इसके बाद भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर अनुष्ठान का संकल्प लेते हैं। इस दिन अरवा चावल, चने की दाल और लौकी की सब्जी का प्रसाद ग्रहण किया जाता है।
14 नवंबर, शनिवार : खरना
- दूसरे दिन व्रती दिनभर उपवास रखते हैं। शाम को स्नान के बाद गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर पूजा की जाती है। खरना का प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत होती है।
15 नवंबर, रविवार : संध्या अर्घ्य
- तीसरे दिन व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देते हैं। इस दौरान सूप और दउरा में ठेकुआ, फल, ईख और अन्य पूजन सामग्री सजाकर भगवान भास्कर को अर्पित की जाती है।
16 नवंबर, सोमवार : उषा अर्घ्य और पारण
- चौथे और अंतिम दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसके बाद व्रती पूजा संपन्न कर पारण करते हैं और 36 घंटे के निर्जला व्रत का समापन होता है।