छपरा के नैनी गांव में ढाई साल पुराने प्रेम विवाह की रंजिश में खूनी वारदात सामने आई है। आरोप है कि प्रेमिका के भाई ने घर में घुसकर प्रेमी के भाई की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि उसके पिता पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
छपरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नैनी गांव में प्रेम प्रसंग को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश में हिंसक वारदात को अंजाम दिया गया। आरोप है कि प्रेमिका के भाई ने घर में घुसकर प्रेमी के भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं, उसके पिता पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। मृतक की पहचान 35 वर्षीय आलोक कुमार सिंह के रूप में हुई है, जबकि घायल उनके 58 वर्षीय पिता जितेंद्र सिंह हैं। घटना के बाद गांव में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
ढाई साल पहले प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ था विवाद
विज्ञापन
मिली जानकारी के अनुसार, करीब ढाई वर्ष पहले नैनी गांव के अभिषेक कुमार का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। बाद में दोनों घर से भागकर शादी कर ली थी। इस शादी से युवती के परिजन नाराज चल रहे थे। बताया जाता है कि इसी विवाद के बाद अभिषेक का परिवार गांव छोड़कर बाहर रहने लगा था। हालांकि, दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश बनी हुई थी।
शादी समारोह में शामिल होने आए थे पिता-पुत्र
बताया जा रहा है कि गुरुवार को अभिषेक के भाई आलोक कुमार सिंह और उनके पिता जितेंद्र सिंह गांव में एक पड़ोसी के यहां आयोजित शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान कथित तौर पर युवती का भाई घर में घुस आया और आलोक कुमार सिंह को गोली मार दी। इसके बाद उसने उनके पिता जितेंद्र सिंह पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में पिता गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में दोनों को लेकर अस्पताल पहुंचे। गोली लगने से आलोक की मौत हो गई, जबकि उनके पिता का इलाज चल रहा है। वारदात की सूचना मिलने पर मुफस्सिल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना की वजह करीब ढाई वर्ष पहले हुआ प्रेम विवाह और उससे जुड़ी पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही घटना के सभी पहलुओं और हमलावर की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।