भाजपा नेता के घर व दफ्तर पर छापा
- फोटो : अमर उजाला
बिहार के बेतिया जिले के बगहा शहर में सीबीआई की छापेमारी से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि सीबीआई की छह सदस्यीय टीम ने बगहा के स्वाभिमान ट्रस्ट और बीजेपी नेता दिनेश अग्रवाल के घर पर रेड मारी है।
जैसे ही सीबीआई की टीम पहुंची, इलाके में हलचल बढ़ गई। अधिकारियों ने दिनेश अग्रवाल के घर, दफ्तर और ट्रस्ट की गहराई से जांच की। उनके पास मौजूद संपत्ति के कागजात, घर में रखे गहने और नकदी की भी पड़ताल की गई। हालांकि, जांच के बाद टीम कोई आपत्तिजनक दस्तावेज या अवैध संपत्ति नहीं मिली और वे वापस लौट गए।
परिवार ने जताई साजिश की आशंका
दिनेश अग्रवाल के भाई उमेश अग्रवाल ने बताया कि उनके बड़े भाई दिल्ली में हैं और दिल्ली स्थित घर पर भी रेड हुई। हालांकि, वहां भी कोई गड़बड़ी नहीं मिली। उन्होंने कहा कि हम नहीं जानते कि शिकायत किसने और किस बारे में की है। उनका कहना है कि उनका परिवार काला धन नहीं जमा करता और न ही उन्होंने कोई अवैध संपत्ति अर्जित की है।
सीबीआई ने क्या कहा?
सीबीआई की टीम ने अभी तक छापेमारी के कारण का खुलासा नहीं किया है और कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। जांच का नेतृत्व सीबीआई अधिकारी राजीव कुमार (ईओ 1, नई दिल्ली) कर रहे थे।