बिहार के आम लोगों की जेब पर महंगाई की एक और मार पड़ने वाली है। परिवहन विभाग ने 1 जून से राज्य की करीब 1500 सरकारी बसों का किराया 10 से 15 फीसदी तक बढ़ाने का फैसला किया है। सरकारी बसों का किराया बढ़ते ही प्राइवेट बस संचालकों और ऑटो संगठनों ने भी किराया बढ़ाने का ऐलान कर दिया है।
साधारण से लेकर वोल्वो तक का नया किराया दर
सरकार के नए नोटिफिकेशन के मुताबिक, अब अलग-अलग श्रेणियों की बसों के लिए प्रति किलोमीटर की दरें अलग-अलग हैं। साधारण बसों का किराया पहले पहले 1.50 प्रति किलोमीटर था, जो अब बढ़कर 1.71 रुपया हो गया है। वहीं एसी डीलक्स बसों का किराया पहले 2.00 रुपए प्रति किलोमीटर था, जो अब बढ़कर 2.30 रुपए प्रति किलोमीटर हो गया है। जबकि प्रीमियम बसों जैसे, वोल्वो और मर्सिडीज आदि बसों में यात्रा करने के लिए यात्रियों को अब 2.88 रुपया प्रति किलोमीटर देना होगा।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar : बिहार में बंगला पॉलिटिक्स, मंत्री का छलका दर्द; कहा- दलित का बेटा हूं, इसलिए खाली नहीं हो रहा आवास
राजधानी से मुख्य शहरों का किराया अब यह होगा
पटना से चलने वाली एसी सरकारी बसों के किराए में भी बेतहाशा वृद्धि हो जाएगी। पटना से भागलपुर जाने में पहले 500 |रूपए देने पड़ते थे, जबकि अब 543 रुपए देने पड़ेंगे। पटना से पूर्णिया जाने में पहले 550 लगता था जो बढ़कर 704 रुपया हो जाएगा। पटना से दरभंगा का किराया पहले 250 रुपया था जो बढ़कर 361 रुपया कर दिया गया है। पटना से गया का किराया पहले 170 रुपया था जो बढ़कर अब 250 रुपया हो गया है। वहीं पटना से सासाराम का किराया 300 रुपए से बढ़कर 339 रुपया कर दिया गया है। पटना से राजगीर का किराया 170 रुपया से बढ़कर 228 कर दिया गया है। पटना से मुजफ्फरपुर का किराया 150 रुपया से बढ़ाकर 218 रुपया कर दिया गया है।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar: राबड़ी देवी को 15 दिन के अंदर खाली करना होगा 10 सर्कुलर रोड वाला बंगला, सरकार ने दे दिया अल्टीमेटम
प्राइवेट बसें भी होंगी 15% महंगी
सरकारी बसों का किराया बढ़ते ही बिहार मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन ने भी राज्य की करीब 40 हजार प्राइवेट बसों का किराया 15 फीसदी बढ़ाने का एलान कर दिया है। फेडरेशन के अध्यक्ष उदय शंकर प्रसाद सिंह ने बताया कि किराए में इस बढ़ोतरी को लेकर रविवार को प्राइवेट बस संचालकों की एक अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में तय किया जाएगा कि प्राइवेट बसों का किराया सरकारी बसों के बराबर रखा जाए, या उससे कम-ज्यादा किया जाए।
यह खबर भी पढ़ें-Bihar : मां के बयान के साथ खड़ी हुई रोहिणी, तुगलकी बयान और दबंगई कह बिहार में बताया प्रतिशोध मॉडल
5 जून के बाद ऑटो का किराया भी 25% तक बढ़ेगा
बसों के साथ-साथ अब पटना में ऑटो से चलना भी महंगा होने वाला है। ऑटो संगठनों की बैठक में किराए में 25 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी पर सहमति बन गई है। पटना जिला ऑटो रिक्शा चालक संघ के अध्यक्ष पप्पू यादव ने कहा कि पटना समेत पूरे राज्य में ऑटो का किराया 25% बढ़ाने का फैसला लिया जा चुका है। इसका आधिकारिक प्रस्ताव सोमवार को विभाग को सौंप दिया जाएगा, जिसके बाद 5 जून से नई दरें लागू हो सकती हैं।