बांका जिले के बौसी थाना क्षेत्र में हसडीहा-भागलपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार ट्रक और यात्री बस की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा बौसी ब्लॉक मोड़ के पास हुआ, जिसमें बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बांका जिले के बौसी थाना क्षेत्र अंतर्गत हसडीहा-भागलपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह करीब 9 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बौसी ब्लॉक मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रक और राजलक्ष्मी नामक यात्री बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक को मामूली क्षति हुई है।
विज्ञापन
इस दुर्घटना में करीब एक दर्जन यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही बौसी थाना के एसआई विनय कांत और एसआई गोरखनाथ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बौसी रेफरल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल बस चालक शंभू सिंह (पिता–रौशन सिंह) और प्रेम कुमार (निवासी–श्यामपुर) को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भागलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
घायलों में शामिल लोग:
गणेश कुमार (4 वर्ष), पिता–विष्णु चौधरी और उनकी बुआ आशा देवी, निवासी–दिघी, झारखंड
रीता देवी (22 वर्ष), पिता–विष्णु चौधरी
कैलाश पंडित (40 वर्ष), पिता–कमल पंडित, निवासी–लीलादह, पौड़या, झारखंड
डोली देवी (30 वर्ष), पति–तुलसी राम, निवासी–देवघर, जसीडीह
निशा कुमारी (25 वर्ष), शिक्षिका, राजौन जा रही थीं, पति–चौधरी चरण यादव, निवासी–भूरभूरी, बौसी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजलक्ष्मी बस हसडीहा की ओर से आ रही थी, जबकि ट्रक भागलपुर की दिशा से आ रहा था। जैसे ही बस ब्लॉक मोड़ से कुछ कदम की दूरी पर पहुंची, विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने सामने से सीधी टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। फिलहाल सभी घायलों का इलाज बौसी रेफरल अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।