पटना हाईकोर्ट ने तीसरे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा पर रोक लगा दी थी। अब बिहार लोक सेवा आयोग ने सभी जिलों के डीएम को पत्र भेजा है। इसमें लिखा है कि वर्ग एक से पांच, छह से आठ, नौ से 10 और 11 से 12 के लिए 87, 774 पदों के लिए 27 से 30 जून को परीक्षा होगी। यह परीक्षा एक पाली में होगी। इसलिए छह जून तक सेंटर की सूची उपलब्ध करवा दें। ताकि ससमय पर परीक्षा आयोजित की जा सके।
शिक्षक भर्ती परीक्षा की तिथि में बदलाव किया गया
बीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि शिक्षक भर्ती परीक्षा की तिथि में बदलाव किया गया है। पटना हाईकोर्ट के निर्देश के अनुसार, अतिथि शिक्षकों को भी मौका देना होगा। इसके बाद फिर से आवेदन लिए जाएंगे। इसलिए परीक्षा की तिथि में बदलाव किया गया है। बता दें कि तीसरे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा सात से 10 जून के बीच होनी थी। इसके बाद पटना हाईकोर्ट ने इस परीक्षा पर रोक लगा दी।
पटना हाईकोर्ट ने इस कारण लगाई थी शिक्षक भर्ती परीक्षा पर रोक
बता दें कि 29 मई को पटना हाईकोर्ट ने तीसरे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा पर फिलहाल रोक लगा दी थी। इतना ही नहीं कोर्ट ने प्लस 2 स्कूल के अतिथि शिक्षक को वेटेज देने के मामले पर आदेश जारी किया था। कोर्ट ने हर साल के आधर पर पांच नंबर और पांच साल के आधार पर 25 नंबर को महत्व देने का आदेश दिया। कोर्ट ने स्पष्ट कहा था कि पिछड़ा और अति पिछड़ा विभाग के शिक्षकों को वेटेज मिल रहा है। बिहार लोक सेवा आयोग की ओर ली गई शिक्षक भर्ती में इन्हें हर साल के आधार पर पांच नंबर का वेटेज मिलता है। अतिथि शिक्षक और पिछड़ा व अति पिछड़ा विभाग के शिक्षक दोनों पढ़ाने का ही काम करते हैं। इसलिए अतिथि शिक्षक को भी वेटेज मिलना चाहिए।