Prashant Kishore: जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर बीपीएससी
अभ्यर्थियों के समर्थन में 10 दिन से अनशन पर हैं। इस बीच उनकी तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्त्ती थे। अब उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। अगले चरण की घोषणा कल की जाएगी।
बीपीएससी अभ्यर्थियों के समर्थन में प्रशांत किशोर का आमरण अनशन अब तक जारी है। अच्छी बात यह है कि उनकी तबीयत में काफी सुधार हुई है। तबीयत बेहतर होने की वजह से प्रशांत किशोर को आज शाम में अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। जन सुराज के प्रवक्ता का कहना है कि सत्याग्रह के अगले चरण की घोषणा जन सुराज कल करेगा।
विज्ञापन
अनशन के कारन बिगड़ी थी तबीयत
जन सुराज पार्टी की सूत्रधार प्रशांत किशोर BPSC छात्रों की मांगों को लेकर 2 जनवरी से लगातार आमरण अनशन पर हैं। गांधी मैदान के गांधी मूर्ति के पास धरना देने के
दौरान 6 जनवरी को पटना पुलिस ने प्रशांत किशोर को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उस दिन की दिनभर की गहमागहमी के बीच शाम तक कोर्ट से उन्हें जमानत दे दी। 7 जनवरी की सुबह प्रशांत किशोर की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आननफानन में उनके समर्थकों ने उन्हें पटना के एक निजी अस्पताल के ICU वार्ड में भर्ती कराया।
विज्ञापन
राज्यपाल से मिला जन सुराज पार्टी का प्रतिनिधिमंडल
प्रशांत किशोर की तबीयत में अब काफी सुधार हुआ है, इसलिए अस्पताल ने उन्हें आज शनिवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया है। इसके बाद शाम में जन सुराज पार्टी के अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलने राजभवन पहुंचा। राज्यपाल से मुलाकात के बाद मनोज भारती ने बताया कि हमने छात्रों के आंदोलन से संबंधित सारी बातों से महामहिम को अवगत कराया। महामहिम ने उनकी बातों को ध्यान से सुना और दिए गये ज्ञापन को शुरू से अंत तक अच्छी तरह से पढ़ा। मनोज भारती ने कहा कि राज्यपाल ने हमसे सबसे पहला सवाल किया कि प्रशांत जी की तबियत कैसी है? हमने उन्हें बताया कि वह ICU में थे और अभी उन्हें आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। लेकिन अभी भी उनका अनशन जारी है। यह सुनने के बाद महामहिम राज्यपाल जी ने अपील की, प्रशांत किशोर अपना अनशन तोड़ दें।
सत्याग्रह के अगले चरण की कल करेंगे घोषणा
जन सुराज पार्टी के अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा कि जहां तक हमारी और छात्रों की मांगों का सवाल था, उन्होंने कहा कि ये मांगे जायज़ लगती हैं और छात्रों के शिष्टमंडल को मुख्यमंत्री से मिलवाया जा सकता है। लेकिन उन्होंने प्रशांत किशोर के स्वास्थ्य को मद्देनजर रखते हुए उन्हें अनशन तोड़ने की अपील की। प्रशांत किशोर अब कल सत्याग्रह के अगले चरण की घोषणा करेंगे।