नई नियमावली के तहत शिक्षक बहाली में BPSC की परीक्षा में शामिल होने वालों में उन अभ्यर्थियों को भी शामिल करना चाहिए जो शिक्षक अभ्यर्थी जुलाई के CTET परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। इसके साथ ही सरकार वर्ग 6-8 के लिए भी वैकेंसी निकाले। यह कहना है छात्र नेता दिलीप कुमार का। दिलीप कुमार शुक्रवार को पटना के गांधी मैदान में गांधी मूर्ति के पास शिक्षक अभ्यर्थी के साथ मीटिंग करने के बाद यह बात कही।
चार पांच साल बाद आती है शिक्षक बहाली
छात्र नेता दिलीप कुमार का कहना है कि चूंकि इस बार शिक्षकों की बहाली बीपीएससी के माध्यम से होनी है। बीपीएससी में जो मार्क्स आएंगे उस पर मेरिट लिस्ट बनना है ना कि CTET के मार्क्स के अनुसार। इसलिए हम चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा अभ्यर्थियों को शिक्षक बनने का मौका मिले। दिलीप कुमार ने कहा कि बिहार में 4- 5 साल के बाद ही शिक्षकों की बहाली आती है। अगर सरकार हमारी इस मांग को नहीं मानती है तो मजबूरी में हमें शिक्षक अभ्यर्थियों के साथ सड़क पर उतरना पड़ेगा।
सरकार शिक्षक नियमावली में करे सुधार
नयी शिक्षक नियमावली को लेकर शिक्षक अभ्यर्थियों के द्वारा लगातार विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। शिक्षक अभ्यर्थियों का कहना है कि वर्ग 6-8 के लिए वेकेंसी नहीं निकाली है। इसके लिए इस वर्ग के हजारों अभ्यर्थी बी.एड कर के घर में बैठे हुए हैं। नयी नियमावली में वर्ग 6-8 का कोई जिक्र नहीं है, इसलिए सरकार नियमवाली में सुधार कर वर्ग 6-8 के लिए वैकेंसी निकाले।