पटना जिले के बिक्रम थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-7 स्थित नोनिया टोला से मंगलवार देर रात लापता हुए युवक जयराम चौहान (पिता स्व. रामनाथ चौहान) का शव गुरुवार सुबह सोन नहर से बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने जयराम की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, जयराम चौहान मंगलवार देर रात अचानक घर से लापता हो गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने बिक्रम पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी।
एसडीआरएफ ने चलाया सर्च अभियान
बुधवार को बिक्रम पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने सोन नहर में जयराम की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया। काफी देर तक तलाश के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका। गुरुवार सुबह महजपुरा गांव के समीप सोन नहर में दोबारा सर्च अभियान चलाया गया। इसी दौरान टीम ने नहर से जयराम चौहान का शव बरामद कर लिया। शव मिलने की सूचना पर जयराम के परिजन मौके पर पहुंचे। शव की पहचान जयराम चौहान के रूप में होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पढे़ं: जमुई-समस्तीपुर की घटनाओं पर ऐसा क्यों बोले बिहार के मंत्री अशोक चौधरी?
हत्या की आशंका जताकर बिहटा-बिक्रम मार्ग किया जाम
शव मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए कुछ देर के लिए बिहटा-बिक्रम मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। सूचना मिलते ही बिक्रम पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटा लिया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
बिक्रम थानाध्यक्ष के अतिरिक्त प्रभार में तैनात एसआई वरुण कुमार ने बताया कि जयराम चौहान के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए पटना स्थित एम्स भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।