बिहार के सीवान में पूर्व जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता के बेटे की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई है। जदयू के स्थानीय नेता रहे स्वर्गीय सुरेंद्र पटेल के 13 साल के बेटे का बुधवार शाम कुछ बदमाशों ने अपहरण कर लिया था। जानकारी के अनुसार बदमाशों ने 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। रकम न मिलने पर उन्होंने उसकी हत्या कर दी। रात को करीब दो बजे खेत से बच्चे का शव बरामद हुआ।
घटना के बारे में सीवान के एएसपी केके मिश्रा का कहना है कि चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच जारी है। इस घटना से कुछ महीने पहले ही सीवान में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के भतीजे युसूफ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
युसूफ को काफी करीब से गोली मारी गई थी। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्य में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के दावे करते रहते हैं मगर हालातों में कोई बदलाव होता हुआ नहीं दिख रहा है।
हाल ही में राजद नेता इंदल पासवान की भी हत्या कर दी गई थी। पासवान बाइक पर सवार होकर अपने घर से देवीसराय जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से इंदल की मौके पर ही मौत हो गई थी। आक्रोशित लोगों ने घटना के आरोपी दो युवकों की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी साथ ही कई घरों में भी तोड़फोड़ की थी और वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया था।