Bihar : नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने आज महिला सशक्तिकरण के नाम पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पूर्व सीएम नीतीश कुमार और पीएम मोदी पर जमकर हमला किया। इसके जवाब में अब भाजपा ने तीखा प्रहार किया है, जिसमें लालू प्रसाद यादव का भी नाम लिया है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज सम्राट सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने अपनी बात की शुरुआत एलेक्टेड सीएम और सेलेक्टेड सीएम का जिक्र करते हुए की। फिर उन्होंने महिला सशक्तिकरण की चर्चा करते हुए सरकार पर जमकर हंगामा किया। उन्होंने पीएम मोदी पर भी तंज कसे।अब भाजपा ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर पलटवार किया है।
उनके माता-पिता के शासनकाल जैसा जंगलराज नहीं
बिहार भाजपा की प्रवक्ता डॉ. प्रीति शेखर ने तेजस्वी यादव पर पलटवार करते हुए कहा कि अब बिहार में उनके माता-पिता के शासनकाल जैसा जंगलराज नहीं है, बल्कि डबल इंजन की सुशासन वाली सरकार है जहाँ अपराध और अपराधियों के लिए किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाती। तेजस्वी यादव को यह समझ लेना चाहिए कि अब बिहार बदल चुका है। यह वह दौर नहीं रहा जब अपराधियों और माफियाओं का बोलबाला हुआ करता था। अब अपराध करने वालों पर कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाती है और उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाता।
जब सदन में बोलना होता है तो
बिहार भाजपा की प्रवक्ता डॉ. प्रीति शेखर ने कहा कि तेजस्वी यादव को जब सदन में बोलना होता है तो वे गायब हो जाते हैं, सैर - सपाटे के लिए विदेश भ्रमण पर चले जाते हैं और बिहार वापस आते ही जनता को दिग्भ्रमित करने की कोशिश और ज्ञान बाँचने में लग जाते हैं।मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ है और अपराधियों में कानून का भय स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बिहार की जनता को सुरक्षित और विकसित बिहार देने के लिए प्रतिबद्ध है।
पहले बिहार की पहचान वन डिस्ट्रिक्ट वन अपराधी और वन माफिया से होती थी
भाजपा की प्रवक्ता डॉ. प्रीति शेखर ने कहा कि एनडीए सरकार अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। यदि कोई अपराधी कानून व्यवस्था को चुनौती देता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। सरकार की प्राथमिकता है कि बिहार में आम नागरिक, विशेषकर महिलाएं और बेटियां, सुरक्षित वातावरण में जीवन यापन करें। उन्होंने कहा कि पहले बिहार की पहचान 'वन डिस्ट्रिक्ट वन अपराधी' और “वन माफिया” से होती थी लेकिन अब 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' का दौर है। राज्य सरकार बिहार को विकास के नए आयाम तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।