Dr. Suraj Nandan Kushwaha
बिहार में भाजपा के विधान पार्षद डॉ. सूरज नंदन कुशवाहा का निधन ह्रदयगति रुक जाने से हो गया है। उनके निधन की खबर आते ही प्रदेश भाजपा में शोक की लहर फैल गई है। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय कुशवाहा के निधन की सूचना दी।
जानकारी के अनुसार शनिवार को सुबह 3 बजे के करीब डॉ. कुशवाहा को सीने में तकलीफ हुई। जिसके बाद उन्हें आनन- फानन में उन्हें पटना के साईं हॉस्पिटल में ले जाया गया, इसके बाद उन्हें मगध हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। मगर डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
सूरज नंदन कुशवाहा बिहार में भाजापा के कुशवाहा समाज के बड़े नेता थे। मिलनसार और साफ छवि के कुशवाहा के निधन से विरोधियों ने भी शोक जताया है।
मुख्यमंत्री सहित राज्यपाल ने जताया शोक
राज्यपाल लालजी टंडन ने सूरज नंदन कुशवाहा के निधन पर शोक जताया है। राज्यपाल की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया कि सूरज नंदन कुशवाहा बेहद मिलनसार और सामाजिक सरोकारों वाले नेता थे। उनके निधन से गहरा दुख पहुंचा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा कि राजनीति में उनकी कमी जरूर खलेगी। उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, भारतीय जनता पार्टी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने भी उनके निधन पर शोक जताया है।
डॉ. सूरज नंदन कुशवाहा विधान पार्षद बनने से पहले प्रदेश भाजपा के महामंत्री थे।