बिहटा थाना क्षेत्र के आईआईटी अमहरा अंतर्गत दिलावरपुर मुख्य सड़क पर शुक्रवार को ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को बिहटा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। इसके बाद उन्हें एम्स रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। उधर, युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान महुआर गांव निवासी स्वर्गीय देव पंडित के पुत्र महेश पंडित के रूप में हुई है। वहीं, घायल महिला की पहचान मालती देवी के रूप में हुई है, जो महेश की मां हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मां-बेटे बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान दिलावरपुर मुख्य सड़क पर उनकी बाइक ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। हादसा इतना गंभीर था कि महेश पंडित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। मालती देवी को बिहटा रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद एम्स रेफर कर दिया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बाद आईआईटी अमहरा थाने की पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें- Live Bihar MLC Election: शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव का मतदान संपन्न; कतार में कोई नहीं, वोट प्रतिशत अपडेट देखें
आईआईटी अमहरा थाने के अपर थानाध्यक्ष रामसहोदर ने बताया कि ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार मां-बेटे हादसे का शिकार हुए थे। इस घटना में बेटे की मौत हो गई, जबकि घायल मां का इलाज चल रहा है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश कर रही है।