सारण जिले के खैरा थाना क्षेत्र के बाड़ी धोबवल गांव में दहेज उत्पीड़न से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाहिता की हत्या कर उसके शव को गायब कर दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
मृतका की पहचान बुधन राय की 27 वर्षीय पत्नी विभा देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर खैरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
इसी दौरान गांव के समीप एक खेत में लगी भांग के बीच मृतका की सास छिपी हुई मिली, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस शव की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पढे़ं: घर में घुसकर मारपीट के आरोपों के बाद बीजेपी विधायक पर केस हुआ दर्ज, तेजस्वी यादव ने भी साधा निशाना
मृतका के पिता, गड़खा थाना क्षेत्र के पहिया गांव निवासी सुखल राय ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने कहा कि ससुराल वाले अक्सर मारपीट करते थे और पिछले कुछ दिनों से बेटी से बातचीत भी नहीं हो पा रही थी। परिजनों का आरोप है कि विभा देवी की हत्या कर साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को गायब कर दिया गया। विभा देवी की एक वर्ष की मासूम बेटी है, जो अब मां के साये से वंचित हो गई है।
घटना के बाद ग्रामीणों में दहेज प्रथा को लेकर भारी आक्रोश है। वहीं खैरा थाना अध्यक्ष अखिलेश पासवान ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।