बिहार के कई जिलों के लोगों को गर्मी से राहत मिली है। पिछले 24 घंटे में कई जिलों का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। बुधवार को मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, सुपौल, मधुबनी, गया, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, लखीसराय,जमुई, बांका, भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया में बारिश के आसार जताए हैं।
मौसम विभाग ने कहा कि इन जिलों में हवा की रफ्तार 30 से 50 किमी रहने के आसार हैं। वहीं अगले तीन घंटे तक मेघ गर्जन, वज्रपात और हवा के साथ वर्षा होने की प्रबल संभावना है।
वज्रपात की चपेट में आने से बाराती झुलसे
इधर, बांका और आसपास के इलाके में वज्रपात की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं तीन लोग झुलस गए। घटना बौंसी प्रखंड क्षेत्र के गंगटी मैदानडीह में बुधवार शाम को हुई। वज्रपात की चपेट में आने से डुमरिया गांव निवासी 26 वर्षीय विजय मरांडी की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि डुमरिया से बारात लेकर लोग गंगटी के मैदानडीह टोला पहुंचे थे। विवाह समारोह के दौरान सभी बाराती एक घर में भोजन कर रहे थे, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुई। इससे घर के भीतर बैठे कई लोग इसकी चपेट में आ गए। हादसे में विजय मरांडी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में गंगटी निवासी राजकुमार हांसदा पिता- सीताराम हांसदा रतनसार निवासी बबलू किस्कू और धेनुकट्टा (झारखंड) निवासी प्रेमलाल सोरेन गंभीर रूप से झुलस गए। आननफानन में सभी को परिजनों ने रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अर्चना कुमारी ने विजय मरांडी को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पिछले 24 घंटे में बक्सर सबसे ज्यादा गर्म जिला रहा
पटना के मौसम की बात करें तो बुधवार सुबह धूप नहीं निकली। सुबह साढ़े सात बजे के बाद कई इलाके में बूंदाबादी हुई है। मौसम विभाग ने आज कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटे में पटना का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस, गया का 37.5 डिग्री, भागलपुर का 36.6 डिग्री, पूर्णिया का 34 डिग्री, मुजफ्फरपुर का 33 डिग्री, बक्सर का 38.1 डिग्री, औरंगाबाद का 38.4 डिग्री, मधुबनी का 31.1 डिग्री, मधेपुरा का 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यानी पिछले 24 घंटे में बक्सर सबसे ज्यादा गर्म जिला रहा।
असम और मणिपुर में बाढ़ से सात लाख लोग प्रभावित
मौसम वैज्ञानिक की मानें तो बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण ऐसी स्थिति बन रही है। बिहार में 13 से 15 जून के बीच मानसून प्रवेश करेगा। इधर, मानसून ने समूचे पूर्वोत्तर क्षेत्र को कवर कर लिया है और वहां पिछले चार-पांच दिनों से भारी बारिश हो रही है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर मिजोरम समेत सभी राज्यों में
बाढ़ ने विकराल रूप ले लिया है। असम व मणिपुर में बाढ़ और बारिश से सात लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। मणिपुर में 3,365 घरों को नुकसान पहुंचा है। मूसलाधार मानसूनी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन से पूर्वोत्तर के लगभग सभी राज्यों में स्थिति गंभीर बनी हुई है।