बिहार के नालंदा में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प में हुई गोलीबारी में दरोगा (एएसआई) बुरी तरह घायल हो गए। गोली लगने से घायल दरोगा को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया है। घायल दरोगा का नाम अखिलेश कुमार सिंह है, वो दीपनगर थाने में तैनात हैं।
मंगलवार को नए साल के पहले दिन दीपनगर के महानंद गांव में दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों से शांत रहने की अपील की, लेकिन इस बीच एक गोली वहां मौजूद दरोगा के पेट में जा लगी। वो बुरी तरह घायल हो गए। गुस्साए लोगों ने पुलिस जीप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मामला बिगड़ते देख एसपी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।