फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: राज्यपाल के कार्यक्रम में नहीं पहुंचे जदयू के दो विधायक, निर्दलीय एमएलसी ने भी बनाई दूरी; जानें

Fri, 06 Nov 2026 09:25 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सीवान

सार

सारण के बनियापुर में राज्यपाल के कार्यक्रम में जदयू के दो विधायक रणधीर सिंह और मनोरंजन सिंह शामिल नहीं हुए। शिलापट्ट पर निर्दलीय एमएलसी सच्चिदानंद राय का नाम होने के बावजूद वे भी नदारद रहे। तीनों की गैरमौजूदगी से राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं।

विज्ञापन
सारण में राज्यपाल के मंच पर सियासी हलचल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बनियापुर प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित खेल सम्मान भवन के उद्घाटन समारोह में जदयू के दो विधायकों की गैरमौजूदगी राजनीतिक चर्चा का विषय बनी रही। सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल की पहल पर सेल के सीएसआर फंड से निर्मित इस भवन का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन और खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने किया।

समारोह में मांझी के जदयू विधायक रणधीर सिंह और एकमा के जदयू विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह शामिल नहीं हुए। खास बात यह रही कि भवन के उद्घाटन के लिए लगाए गए शिलापट्ट पर इन दोनों विधायकों के अलावा निर्दलीय विधान पार्षद इंजीनियर सच्चिदानंद राय का नाम भी अंकित था। इसके बावजूद तीनों जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। शिलापट्ट पर नाम दर्ज होने के बाद भी उनकी अनुपस्थिति ने स्थानीय राजनीतिक हलकों में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दिया।

विज्ञापन


पढे़ं: 2011 के आचार संहिता उल्लंघन मामले में लालू प्रसाद को बड़ी राहत, सीवान की अदालत ने दी जमानत

एमएलसी चुनाव के बाद सियासी चर्चाओं को मिली हवा
गौरतलब है कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के बाद भाजपा और जदयू के बीच कथित राजनीतिक खींचतान और मनमुटाव की चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में राज्यपाल के महत्वपूर्ण कार्यक्रम से जदयू के दोनों विधायकों की दूरी को भी राजनीतिक नजरिये से देखा जा रहा है। हालांकि, दोनों विधायकों और निर्दलीय एमएलसी की अनुपस्थिति का कोई आधिकारिक कारण सामने नहीं आया है। ऐसे में इसे किसी राजनीतिक विरोध या नाराजगी से जोड़कर देखना फिलहाल जल्दबाजी होगी।

कई जनप्रतिनिधि समारोह में रहे मौजूद

विज्ञापन

कार्यक्रम में महाराजगंज के विधायक हेमनारायण साह, गोरेयाकोठी के विधायक देवेशकांत सिंह, तरैया के विधायक जनक सिंह और बनियापुर के विधायक केदारनाथ सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जदयू की ओर से जिलाध्यक्ष बैजनाथ प्रसाद उर्फ बीका और विधान पार्षद डॉ. वीरेंद्र नारायण यादव ने भी समारोह में हिस्सा लिया।

मंच पर स्थान को लेकर भी हुई हलचल
समारोह के दौरान राज्यपाल के मंच पर पहुंचने से पहले प्रोटोकॉल के तहत विधायकों और जिलाध्यक्षों को मंच पर स्थान देने को लेकर कुछ देर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। हालांकि, बाद में कार्यक्रम सामान्य रूप से संपन्न हो गया। इसके बावजूद शिलापट्ट पर नाम दर्ज होने के बाद भी तीन जनप्रतिनिधियों का समारोह में नहीं पहुंचना चर्चा का विषय बना रहा। खासकर जदयू के दोनों विधायकों की गैरमौजूदगी को लेकर दिनभर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की अटकलें लगाई जाती रहीं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें