औरंगाबाद में दसवीं कक्षा के छात्र की निर्मम हत्या कर दी है। बताया जा रहा है एक किशोरी घर आकर छात्र को अपनी बर्थ डे पार्टी में बुला ले गई, जहां उसके परिवार वालों ने छात्र की लाठी-डंडे से पीट और धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी। हालांकि, वारदात के दौरान ही किशोर दौड़ी-दौड़ी छात्र के घर जाकर अपने परिजनों द्वारा बेरहमी से पीटे जाने की सूचना दी लेकिन परिजनों के मौके पर पहुंचने तक छात्र की मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान औरंगाबाद के बारूण थाना क्षेत्र के जानपुर गांव निवासी मनोज पासवान के इकलौते पुत्र हिमांशु कुमार(16) के रूप में की गई है, जो दसवीं कक्षा का छात्र था। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची बारूण थाना की पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजने के बाद आगे की कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, एक आरोपी गिरफ्तार
मामले में बारूण थानाध्यक्ष रंजीत कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर गांव पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। घटनास्थल पर फोरेंसिक साइंस लैब की टीम से साक्ष्य संकलन कराया गया है। मामले में मृतक के पिता मनोज पासवान के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पिता बोले- इन लोगों ने मेरे बेटे के साथ ऐसा किया
इस मामले में मृतक में लिखित शिकायत में कहा है कि मेरा बेटा हिमांशु रात में करीब साढ़े नौ बजे घर से बाहर पेशाब करने के लिए निकला था। इसी दौरान गांव के ही महेंद्र यादव, साधु यादव उर्फ वीरेंद्र यादव, सुमन कुमार, नीतीश कुमार और रामकेवल यादव मेरे बेटे को खींचकर अपने घर की ओर ले गए। हिमांशु के चीख-पुकार की आवाज सुनकर हमलोग दौड़े तो महेंद्र यादव ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए हम पर हमला बोल दिया, जिससे वें हिमांशु को छुड़ा नही सके। उन्होने तत्काल रात के करीब 1.30 बजे बारुण थाना की पुलिस को फोन किया लेकिन पुलिस के मौके पर आने के पहले ही हिमांशु की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। हिमांशु उनका इकलौता बेटा था और उनकी दो बेटी भी है। मामले में पुलिस ने घटनास्थल से घटना में प्रयुक्त फरसा और लाठी बरामद किया है। साथ ही पुलिस ने मामले के आरोपियों में एक किशोरी के महेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी करने में जुटी है।