शराब तस्करों को छुड़ाने को लेकर पटना जंक्शन के यारपुर के नजदीक शनिवार को उपद्रवियों ने प्रथम स्वतंत्रता संग्राम एक्सप्रेस पर पथराव किया। हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना फिलहाल नहीं मिली है। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी, आरपीएफ के अधिकारी और जीआरपी के अधिकारी मौके पर पहुंच कर मामले को संभालने में जुट गए हैं। पटना आरपीएफ के अधिकारी ने बताया कि कुछ उपद्रवी ट्रेन में शराब लेकर चढ़े थे। इसी को लेकर यारपुर के कुछ लोगों द्वारा ट्रेन पर पथराव कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रेन से दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में 13 बैग शराब पुलिस ने जब्त किए हैं। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।
टॉयलेट में छिपाकर दो तस्कर शराब ले जा रहे थे
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रेन संख्या 22196 प्रथम स्वतंत्रता संग्राम एक्सप्रेस पर पटना के यारपुर के नजदीक कुछ उपद्रवियों ने पथराव कर दिया। इस पथराव मे ट्रेन की कई खिड़कियों के शीशे टूट गए। कई यात्रियों को चोट आयी। पटना आरपीएफ के अधिकारी ने बताया कि प्रथम स्वतंत्रता संग्राम एक्सप्रेस में टॉयलेट में दो तस्कर शराब ले जा रहे थे। उन्होंने बताया शराब तस्करों ने टॉयलेट को अंदर से लॉक कर लिया था। यात्री टॉयलेट का दरवाजा न खुलने से परेशान थे।
ट्रेन से 13 बैग शराब भी जब्त किए
यात्रियों ने इसकी सूचना ट्रेन में एस्कॉर्ट कर रही आरपीएफ के जवानों को दी। बताया जा रहा है कि जब आरपीएफ के जवान दरवाजा खुलवाने में असफल रहे। इस बीच यारपुर पहुंचते ही उपद्रवियों ने शराब तस्करों को छुड़ाने के लिए ट्रेन पर पथराव शुरू कर दिया। ट्रेन पर पथराव होते ही यात्रियों के बीच हो हल्ला हंगामा शुरू हो गया। इस घटना की सूचना रेलवे के अधिकारियों और आरपीएफ के अधिकारी को दी गई । बताया जा रहा है कि सूचना मिलते ही आरपीएफ के फोर्स दल बल के साथ यारपुर पहुंचे और उपद्रवियों को खदेड़ दिया। इस मामले में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ट्रेन से 13 बैग शराब भी जब्त किए हैं।