बिहार के लखीसराय जिले में स्थित अशोकधाम मंदिर में भगदड़ मच गई। आज सावन का आखिरी सोमवार है जिसके कारण यहां काफी भीड़ इकट्ठा थी। भीड़ के अचानक बेकाबू हो जाने की वजह से वहां भगदड़ मच गई। जिसके कारण एक शख्स की मौत हो गई है वहीं लगभग आठ लोग घायल हो गए हैं। जानकारी मिलने पर मौके पर पुलिस और मेडिकल टीम पहुंच गई थी।
जानकारी के अनुसार भीड़ अनियंत्रित थी और कुछ ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को भी पार कर दिया। जब भगदड़ मची उस समय क्षेत्र के जिला मजिस्ट्रेस अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर मौजूद थे। मीडिया को भगदड़ मचने की घटना को कवर करने से रोका गया।
पुलिस का कहना है कि यह घटना मंदिर में उस समय घटी जब सावन के आखिरी सोमवार को भक्तों की भीड़ भगवान शिव के मंदिर में एकत्रित हो गई। टाउन थाने के एसएचओ संजय कुमार सिंह ने कहा, 'कुछ लोग व्याकुल हो गए और कुछ लोग धक्का-मुक्की करने लगे जिसके कारण भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। हालांकि जल्द ही परिस्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया था।'
60 साल का अज्ञात शख्स घटनास्थल पर गिर गया। उसके शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं था। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया है। एसएचओ का कहना है कि माना जा रहा है कि उसे दिल का दौरा पड़ा होगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को चोट लगने की बात कही गई थी वे अत्यधिक भीड़ और घुटन की वजह से बीमार हो गए थे। उनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।