मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग दोहराई है। एक कार्यक्रम में नीतीश ने कहा कि राज्य के करोड़ लोगों की मांग है कि बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिया जाए। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश को यह दर्जा मिलता है तो यहां चौतरफा विकास होगा।
उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि बिहार भी देश के विकास में साथ-साथ आगे बढे़ और ऐसा तभी संभव है जब राज्य को विशेष दर्जा मिल जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कुछ सालों में बिहार में सकारात्मक परिवर्तन आया है। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून व्यवस्था, आधारभूत संरचना समेत सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।
नीतीश ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव का नाम लिए बगैर कहा कि कुछ लोग विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं को बस उपलब्ध करा रहे हैं, लेकिन कोई ये तो बताए कि इन वाहनों के लिए ईंधन कहां से आएगा और चालकों को वेतन कौन देगा। उन्होंने कहा कि कथनी और करनी में काफी फर्क होता है।