पहले आईपीएस काम्या मिश्रा फिर सीनियर आईपीएस अधिकारी शिवदीप लांडे के इस्तीफा देने के बाद अब एक अधिकारी के नाम की चर्चा तेजी से हो रही है। लोग उनके राजनीति में आने का कयास लगा रहे हैं। इतना ही नहीं कुछ लोगों ने तो यह भी कह दिया कि वह पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद की पार्टी ज्वाइन करने वाले हैं। तेजस्वी यादव ने जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के खिलाफ बड़ी रणनीति तैयार की है। सियासी गलियारे में इस चर्चा के केंद्र बिंदु में सीनियर आईपीएस अधिकारी विकास वैभव हैं। अब लोग उनके राजनीति में आने का कयास लगा रहे हैं। यह बात सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रही।
राजद के टिकट पर चुनाव लड़ने का दावा
राजनीतिक पंडितों का दावा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में लैट्स इंस्पायर बिहार अभियान की शुरुआत करते वाले आईपीएस विकास वैभव राजद के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। दावा यह भी है कि प्रशांत किशोर को चुनौती देने के लिए तेजस्वी यादव विकास वैभव पर दांव लगा सकते हैं। हालांकि, इन दावों का अब तक राष्ट्रीय जनता दल या पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।
बिहार के वैभव को बढ़ाने के लिए हमेशा प्रयासरत हूं
वहीं 'अमर उजाला' ने जब आईपीएस विकास वैभव से बात की तो उन्होंने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई इरादा नहीं है। मैं शुरुआत से ही समाज और राज्यवासियों के लिए काम कर रहा हूं। बिहार के वैभव को बढ़ाने के लिए हमेशा प्रयासरत रहता हूं। लोकसभा चुनाव में भी मेरे चुनाव लड़ने की चर्चा हो रही थी। अब विधानसभा चुनाव में ऐसी चर्चा हो रही है। विकास वैभव ने स्पष्ट कहा कि मैं एक प्रतिष्ठित सेवा में काम कर रहा हूं। राजनीति में जाने का इरादा फिलहाल नहीं है। जनता से अपील है कि वह इन अफवाहों पर ध्यान न दें।