पटना के दानापुर स्टेशन पर एक महिला को देखकर अश्लील हरकत करना एक युवक को महंगा पड़ गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सोमवार को युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान गया जिला के चिड़की गांव निवासी आदित्य खान बताया है। घटना की जानकारी देते हुए रेल एसपी अमरेंद्र शेखर ठाकुर ने बताया कि दानापुर स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 3 पर एक युवक महिला को देखकर अश्लील हरकत करने लगा। उसके अश्लील हरकत की वीडियो प्लेटफार्म पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद रेल एसपी ने एक टीम गठन करके इसकी सत्यापन के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेवारी सौंपी।
मेडिकल और मनोस्थिति की भी होगी जांच
रेल एसपी ने बताया कि गिरफ्तार युवक प्लेटफार्म संख्या 3 पर स्थित जेपी लाल एंड संस स्टॉल के मालिक का स्टाफ है। उन्होंने बताया कि उन्हें वायरल वीडियो के आधार पर सूचना मिली थी कि प्लेटफार्म संख्या तीन पर बैठी महिला के बगल में बैठकर एक युवक अश्लील हरकत कर रहा था। सोमवार को उस युवक को पुलिस गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है। रेल एसपी ने बताया कि युवक के मनो स्थिति की जांच के लिए उसका मेडिकल कराया जा रहा है।