फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बिहार: गोविंद शर्मा हत्याकांड का मुख्य शूटर राजा सिंह कोर्ट में सरेंडर, वारदात में चलाई थीं 24 गोलियां

Sat, 03 Oct 2026 08:09 PM IST
शबाहत हुसैन न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुज्जफरपुर

सार

मुजफ्फरपुर के चर्चित गोविंद शर्मा हत्याकांड के मुख्य शूटर राजा सिंह ने शनिवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। 26 सितंबर को उसके घर पर इश्तहार चस्पा कर कुर्की की चेतावनी दी गई थी। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
विज्ञापन
अपराध। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चर्चित गोविंद शर्मा हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य शूटर राजा सिंह ने शनिवार को अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। 26 सितंबर को साहिबगंज स्थित उसके पैतृक आवास पर पुलिस द्वारा इश्तहार चस्पा करने और कुर्की-जब्ती की चेतावनी दिए जाने के बाद उसने सरेंडर किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर थाना पुलिस और विशेष जांच दल (एसआईटी) लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रहे थे।

कुर्की की चेतावनी के बाद किया सरेंडर

विज्ञापन

नगर पुलिस की टीम ने 26 सितंबर को दलबल और ढोल-बाजे के साथ साहिबगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपट्टी गांव स्थित राजा सिंह के पैतृक आवास पर इश्तहार चस्पा किया था। इस दौरान पुलिस ने माइक से मुनादी कर आरोपी को जल्द कोर्ट या पुलिस के समक्ष सरेंडर करने की चेतावनी दी थी। पुलिस ने कहा था कि आत्मसमर्पण नहीं करने पर घर की कुर्की-जब्ती की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद शनिवार को राजा सिंह ने कोर्ट में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया।

31 मई की रात हुई थी गोविंद की हत्या
नगर थाना क्षेत्र के अमर सिनेमा रोड स्थित आइकॉन टावर अपार्टमेंट में 31 मई 2026 की रात हमलावरों ने गोविंद शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस जांच के अनुसार, वारदात के दौरान शूटरों ने गोविंद पर करीब 24 गोलियां चलाई थीं। घटना के बाद से ही राजा सिंह फरार चल रहा था। मामले की जांच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर गठित एसआईटी और एसटीएफ की टीम कर रही थी।

जमीन विवाद को लेकर रची गई थी हत्या की साजिश

विज्ञापन

एसआईटी और एसटीएफ ने मामले में मास्टरमाइंड रविकांत उर्फ बाबुल चौधरी को दरभंगा हवाई अड्डे के पास से गिरफ्तार किया था। वहीं, दूसरे शूटर सौरभ कुमार को पूर्वी चंपारण के रक्सौल बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में गोविंद शर्मा और बाबुल चौधरी के बीच मदनानी गली स्थित तीन कट्ठा जमीन और ठेकेदारी के वर्चस्व को लेकर विवाद की बात सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश में बाबुल चौधरी ने गोविंद की हत्या की साजिश रची थी।

रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी पुलिस
राजा सिंह के आत्मसमर्पण के बाद नगर थाना पुलिस उसे रिमांड पर लेने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है। रिमांड पर पूछताछ के दौरान पुलिस वारदात में इस्तेमाल हथियारों की बरामदगी का प्रयास करेगी। साथ ही पूछताछ के जरिए मामले में शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें