दानापुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर क्षेत्र के दो होटलों में छापेमारी कर देह व्यापार का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक केन्याई महिला समेत तीन महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, अनैतिक गतिविधियां संचालित करने के आरोप में दोनों होटलों के दो प्रबंधकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामान, होटल के रजिस्टर, मोबाइल फोन और विदेशी महिला के पासपोर्ट की छायाप्रति जब्त की है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ-1) अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि होटलों में बाहर से महिलाओं को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को मामले से अवगत कराया। इसके बाद थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष तकनीकी छापेमारी दल का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने सगुना मोड़ स्थित होटल ड्रीम विला और गोला रोड स्थित होटल मगध सम्राट में एक साथ छापेमारी की। होटल ड्रीम विला से केन्या की रहने वाली एक विदेशी महिला मिली, जिसे पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला। महिला के पास से दो मोबाइल फोन और पासपोर्ट की छायाप्रति बरामद हुई। जांच में सामने आया कि महिला करीब एक सप्ताह से होटल में ठहरी हुई थी। पुलिस उसके पासपोर्ट का सत्यापन करा रही है।
कोलकाता और छत्तीसगढ़ की महिलाएं भी मिलीं
गोला रोड स्थित होटल मगध सम्राट में छापेमारी के दौरान पुलिस ने कोलकाता और छत्तीसगढ़ की रहने वाली दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों होटलों में अनैतिक गतिविधियां संचालित करने के आरोप में दो प्रबंधकों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहेबपुर कमाल नया टोला निवासी रवींद्र सिंह और धैरेया के पुरेनिया निवासी पप्पू कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन और होटल के कमरों की बुकिंग से संबंधित रजिस्टर जब्त किए हैं। पुलिस जब्त दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
होटल मालिकों की भूमिका भी जांच के दायरे में
एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि विदेशी महिला के पासपोर्ट और उसके होटल में ठहरने के कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले के तार अन्य स्थानों से जुड़े हैं या नहीं।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान दोनों होटलों के मालिकों की भूमिका की भी जांच की जाएगी। यदि होटल मालिकों या किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस बरामद साक्ष्यों और अब तक मिले सुरागों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।