बिहार सरकार ने गुरुवार को उस आदेश को रद्द कर दिया जिसमें राज्य के 32 पुलिसकर्मियों को पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की सुरक्षा में तैनात किया गया था।
इस फैसले के बाद अब राबड़ी देवी के आवास पर फिर से पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। वहीं इस फैसले पर राबड़ी के बेटे और पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार पर पलटवार किया है।
उन्होंने कहा कि 'एकबार फिर साबित हो गया कि नीतीश को 'पलटू राम' क्यों कहा जाता है, उन्होंने एक बार फिर अपने फैसले को पलट दिया। उन्हें यह साफ करना होगा कि पुलिसकर्मियों को हटाने का ऑर्डर किसने जारी किया था जबकि गृह विभाग उनके जिम्मे हैं।'
'मेरे परिवार की हत्या की रची जा रही साजिश'
इससे पहले राबड़ी देवी ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा कि रात में 9 बजे के करीब मेरे आवास की सुरक्षा हटा दी गई। आखिर सरकार क्या कर रही है? क्या मुझे और मेरे परिवार की हत्या करने की साजिश रची जा रही है।
रावड़ी देवी ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार को पत्र लिखकर कहा कि अगर मुझे या मेरे परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई घटना होती है तो उसके लिए गृह मंत्रालय जिम्मेदार होगा। आपको बता दें कि सीबीआई की छापेमारी के बाद बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के आवास पर तैनात 32 बिहार सैन्य पुलिस के जवानों को राज्य सरकार ने वापस बुला लिया था।