वैशाली में पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने तीन लोगों को गोली मार दी। गोली लगने के बाद परिजनों ने तुरंत उन घायलों को अस्पताल पहुंचाया लेकिन स्थिति गंभीर होने की वजह से चिकित्सकों ने तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दी गई है। घटना वैशाली थाना क्षेत्र के अमृतपुर गांव की है।
पटाखा फोड़ने में हुआ विवाद
परिजनों का कहना है कि छठ पूजा का अर्ध्य देकर घर वापस लौटने के बाद घर के बच्चे पटाखा फोड़ रहे थे। इसी बात को लेकर दो पक्षों में कहासुनी होने लगी। लेकिन धीरे धीरे बात बिगड़ने लगी और अब दोनों के बीच गाली गलौज होने लगा। जब एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को गाली देने से मना किया तो दूसरे पक्ष ने तुरंत हथियार निकाला और उनपर ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा। इसी दौरान पहले पक्ष के तीन लोगों को गोली लग गई। आननफानन में सभी घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने प्राथमिक इलाज कर तीनों को पटना रेफर कर दिया। घायलों में अमृतपुर गांव निवासी सकलदीप राय का पुत्र प्रमोद राय (35), स्वर्गीय बनी राय का पुत्र प्रदीप राय (70) और सकलदीप राय का पुत्र मुकेश कुमार (30) वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार है।
पुलिस को है आवेदन मिलने का इंतजार
घटना के संबंध में वैशाली थाना अध्यक्ष चंद्रगुप्त कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वैशाली थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि पटाखा जलाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। इसी विवाद में गोली चली है, जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए भेजा गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल के पक्ष से लिखित आवेदन प्राप्त होने पर प्राथमिक दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना के बाद सभी आरोपी घर छोड़कर फरार हैं।