बिहार में भले ही शराब बेचने, खरीदने और पीने पर पूरी तरह से पाबंदी हो लेकिन कानून का पालन करवानेवाली पुलिस खुद की कानून की धज्जियां उड़ा रही है। एक चौंकानेवाले मामले में यह पता चला है कि पुलिस खुद ही शराब बेच रही है। इतना ही नहीं घर तक पहुंचा देती है। बेगूसराय में बिहार पुलिस शराब की होम डिलीवरी कर रही है।
इस सनसनीखेज मामले का तब पता चला जब रविवार की रात बाइक पर सवार दो होमगार्ड जवानों के पास दो कार्टन शराब मिले। उनकी बाइक पर पुलिस लिखा हुआ था।
पकड़े गए जवानों की निशानदेही पर मुफस्सिल थाने की बैरक में एसपी अवकाश कुमार ने छापेमारी की तो पुलिसकर्मियों के बिछावन के नीचे से भी तीन कार्टन शराब बरामद हुई। इस मामले में सैप के दो जवान और होमगार्ड के तीन जवान को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पांचों जवान मुफस्सिल थाने में तैनात हैं।
इस दौरान मुफस्सिल थाने के मालखाने की जांच की गई तो पंजी में दर्ज स्टॉक से एक कार्टन शराब ज्यादा मिली। इस बारे में शराब जब्त करने वाले दरोगा से एसपी ने जवाब तलब किया है।
पकड़े गए सैप जवान में खगड़िया के महेशखूंट थाने के रामचंदपुर गांव के रविंद्र कुमार, भोजपुर के चौरी थाना क्षेत्र के ढकनी गांव निवासी राजीव कुमार और होमगार्ड के जवानों में मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कैथमा निवासी सुरेंद्र कुमार, मंझौल के पवड़ा निवासी प्रमोद कुमार सिंह व लाखो सहायक थाना क्षेत्र के धबौली निवासी दीपक कुमार सिंह शामिल हैं।
हालांकि एसपी ने बताया कि ये जवान शराब पीने के लिए ले जा रहे थे, बेचने के लिए नहीं। एसपी ने बताया कि 17 जनवरी को मुफस्सिल थाने की पुलिस ने 415 कार्टन शराब जब्त की थी। लेकिन रिकॉर्ड में 414 कार्टन ही दिखाया।