वैशाली में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करते हुए बिहार में एनडीए सरकार के एक साल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता ने एनडीए को 202 सीटों के साथ प्रचंड बहुमत दिया। इसके लिए उन्होंने प्रदेश की जनता का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बिहार विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने नीतीश सेतु के उद्घाटन को बिहार के विकास की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस बात की चर्चा कर रहे थे कि कार्यक्रम के प्रोटोकॉल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तस्वीर नहीं है, लेकिन यह पूरा पुल ही नीतीशमय हो गया है। यह नीतीश कुमार के नाम पर समर्पित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। वहीं, बिहार सरकार 2036 तक समृद्ध बिहार बनाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।
34 हजार करोड़ की परियोजनाओं से बिहार को मिलेगी रफ्तार
सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में करीब 34 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं। इन परियोजनाओं से सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढांचे, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन के क्षेत्र में विकास होगा। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से बिहार की समृद्धि का रास्ता खुलेगा और प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
1200 एकड़ में उद्योगों का जाल बिछाने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने बिहार से युवाओं के पलायन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अब सरकार का जोर राज्य में उद्योग-धंधों को बढ़ावा देने पर है। उन्होंने बताया कि जंदाहा, राजापाकर और महुआ क्षेत्र में करीब 1200 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई है। यहां फूड प्रोसेसिंग यूनिट और अन्य औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने की योजना है। उन्होंने दावा किया कि इस औद्योगिक क्षेत्र के विकास से करीब एक लाख लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि पहले बिहार में सड़क, बिजली, पानी और आधारभूत संरचना के विकास पर काम हुआ। अब एनडीए सरकार राज्य में औद्योगिक विकास को प्राथमिकता दे रही है, ताकि बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में नहीं जाना पड़े।
PM Modi in Bihar Live: पीएम मोदी ने 34 हजार करोड़ की योजनाओं की दी सौगात, सीएम सम्राट चौधरी ने क्या कहा?
कर्पूरी ठाकुर के नाम पर बनेगी स्किल यूनिवर्सिटी
मुख्यमंत्री ने शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में सरकार की योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बिहार के बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों में जाने की जरूरत नहीं पड़े, इसके लिए सरकार काम कर रही है। स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए करीब 18 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित करने की योजना का जिक्र किया। इसके अलावा राज्य में 700 स्थानों पर सरस्वती विद्या निकेतन स्थापित करने की बात कही। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन संस्थानों के माध्यम से करीब साढ़े चार लाख बच्चों को शिक्षा देने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार ऐसी ऑनलाइन शिक्षा व्यवस्था विकसित कर रही है, जिसमें रात एक बजे भी जरूरत पड़ने पर बच्चों को शिक्षक उपलब्ध हो सकेंगे।
10.5 लाख आवेदन आए, 30 दिन में कार्रवाई नहीं तो निलंबन
सम्राट चौधरी ने सुशासन की चर्चा करते हुए सरकार के सहयोग कार्यक्रम का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 19 मई से शुरू हुए इस कार्यक्रम के तहत अब तक करीब साढ़े दस लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि आवेदनों के निपटारे के लिए समयसीमा तय की गई है। यदि दस दिनों के भीतर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी कार्रवाई नहीं करते हैं तो मुख्यमंत्री कार्यालय से नोटिस भेजा जाता है। इसके बाद 25वें दिन दूसरा नोटिस दिया जाता है। 30 दिनों के भीतर भी कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित अधिकारी को निलंबित करने की कार्रवाई की जाती है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस व्यवस्था के तहत कई अधिकारियों पर कार्रवाई की गई है।
छठ पर बिहार आने वालों के लिए केंद्र ने की विशेष व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने छठ महापर्व के दौरान बिहार आने वाले लोगों के लिए केंद्र सरकार की ओर से किए गए सहयोग की सराहना की। उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय और रेल मंत्रालय का आभार जताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों को बिहार पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई। उन्होंने करीब 15 हजार ट्रेनों की व्यवस्था का उल्लेख किया। साथ ही कहा कि रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट पर छठी मैया के गीतों की धुन बजने से लोगों को विशेष अनुभव हुआ।
रेलवे में एक लाख करोड़ और सड़क क्षेत्र में साढ़े चार लाख करोड़ की योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बिहार में रेलवे और सड़क परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग का जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में बिहार को रेलवे के लिए दस वर्षों में करीब 10 हजार करोड़ रुपये मिलते थे, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब बिहार में रेलवे की करीब एक लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं चल रही हैं। उन्होंने सड़क निर्माण के क्षेत्र में भी करीब साढ़े चार लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2015 में बिहार को विशेष पैकेज दिया था। 2024 में भी कोसी-मेची लिंक परियोजना और एक्सप्रेसवे सहित कई योजनाओं के लिए केंद्र सरकार ने सहयोग किया।
कांग्रेस और राजद पर भी बरसे मुख्यमंत्री
अपने संबोधन के दौरान सम्राट चौधरी ने कांग्रेस और राजद पर निशाना साधा। उन्होंने एसआईआर को लेकर विपक्ष की ओर से उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर विपक्ष ने आरोप लगाए, लेकिन किसी ऐसे व्यक्ति का मामला सामने नहीं आया जिसे पात्र होने के बावजूद मतदान के अधिकार से वंचित किया गया हो। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयानों पर भी आपत्ति जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और राजद के नेता प्रधानमंत्री के खिलाफ कितने भी अपशब्दों का इस्तेमाल करें, बिहार की जनता उनके साथ खड़ी है और उनके नेतृत्व में विश्वास करती है। अंत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बिहार आने और विकास परियोजनाओं की सौगात देने के लिए धन्यवाद दिया।