कांग्रेस की पूर्व विधायक पूनम पासवान (गोले में)
- फोटो : सोशल मीडिया
बिहार की राजधानी पटना में भाजपा के एक सम्मान समारोह के पोस्टर पर कांग्रेस की पूर्व विधायक की तस्वीर लगी नजर आई। इसके बाद बिहार भाजपा में बवाल मच गया। ऐसे में भाजपा की महिला नेता आपस में भिड़ गईं और कांग्रेस नेता के फोटो को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। इस मामले को भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष ने मानवीय भूल करार दिया है।
यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, पटना में भाजपा के महिला मोर्चा ने सम्मान समारोह आयोजित किया था। इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री रेणु देवी समेत नौ महिला विधायकों को सम्मानित किया जाना था। इस कार्यक्रम के लिए शहर में जगह-जगह पोस्टर लगाए गए, जिनमें कांग्रेस की पूर्व विधायक पूनम पासवान की तस्वीर भी लगी हुई थी। इसके बाद भाजपा में बवाल शुरू हो गया। भाजपा की महिला नेता फोटो को लेकर एक-दूसरे पर आरोप लगाने लगीं।
महिला मोर्चा की अध्यक्ष ने दी यह सफाई
इस मामले का खुलासा होने के बाद भाजपा की महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष लाजवंती झा ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि यह मानवीय भूल है। दरअसल, पोस्टर में विधायक कविता पासवान का फोटो लगना था, लेकिन उनकी जगह गलती से कांग्रेस की पूर्व विधायक पूनम पासवान की तस्वीर लग गई। लाजवंती झा ने कहा कि कार्यकर्ताओं ने बिना देखे ही फोटो लगा दिया, जिससे यह गड़बड़ हुई। हालांकि, अब पूनम पासवान की तस्वीर हटा दी गई है। बता दें कि भाजपा महिला मोर्चा के सम्मान समारोह में प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल भी मौजूद थे।
कौन हैं कांग्रेस नेता पूनम पासवान?
बता दें कि पूनम पासवान कटिहार जिले के कोढ़ा विधानसभा से कांग्रेस के टिकट पर चुनावी मैदान में उतरी थीं। उनका सीधा मुकाबला भाजपा की कविता पासवान से था, जिन्होंने पूनम को 28 हजार 943 वोटों से मात दी थी। हालांकि, इस सीट पर पूनम पासवान ने 2015 में जीत दर्ज की थी। उस वक्त भाजपा प्रत्याशी महेश पासवान 5 हजार 426 वोटों से हार गए थे।