बेतिया में सड़क हादसे में एक बाइक पर सवार तीन दोस्त की मौत हो गई है। घटना बगहा पुलिस जिले के लौकरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलपुर एसएसबी कैंप के समीप की है। मृतकों की पहचान मंगलपुर गांव निवासी कन्हैया कुमार (25), बिट्टू कुमार (23) और सुखल कुमार (20) के रूप में की गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
एक साथ गए थे घुमने
परिजनों का कहना है कि मंगलपुर गांव निवासी तीनों दोस्त कन्हैया कुमार, बिट्टू कुमार और सुखल कुमार बाहर में रहकर मजदूरी करते थे और शनिवार की सुबह तीनों छुट्टी लेकर अपने घर वापस लौटे थे। शाम में तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर घूमने के लिए रामपुर गए थे। रामपुर में घूमने के बाद तीनों देर शाम अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान एसएसबी कैंप के समीप बाइक सवार अचानक अपना नियंत्रण खो दिया और सड़क के किनारे खड़े गन्ना लदे एक ट्रक से जा टकराया। बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण तीनों गंभीर रूप से घायल हो गये। टक्कर इतनी जोरदार हुई कि तेज आवाज होने के कारण आसपास के लोग वहां जुट गये। आसपास के लोग वहां पहुंचे और आननफानन में तीनों को अस्पताल ले जाने की प्रक्रिया करने लगे। लेकिन तब तक तीनों बाइक सवार दोस्तों की घटनास्थल पर दर्दनाक मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना के संबंध में लौकरिया थानाध्यक्ष अभय कुमार का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुट गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि बाइक सवार ने सड़क के किनारे खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी जिसमें तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।