Double Murder Case : दो दिनों से दो भाई लापता थे, अब मिले हैं, वह भी साथ-साथ। लेकिन उस रूप में जो एक-दूसरे से बात नहीं कर सकते। जी, खेत में पड़े प्लास्टिक शीट में यही दोनों भाई थे, जिनकी अब पहचान हुई है। यह अपहरण और उसके बाद की गई हत्या की कहानी है।
बेगूसराय में एक साथ प्लास्टिक शीट में लिपटे दो शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना बरौनी थाना क्षेत्र के हरपुर स्थित वास्तु विहार के समीप की है, जहां एक खेत से पॉलीथिन शीट की बरामदगी हुई है। मृतक की पहचान तियाय ओपी के दादुपुर निवासी बिपिन चौधरी के दो पुत्र अमन तथा चमन के रूप में की गई है। दोनों दो दिन से लापता थे।
घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि वास्तु विहार के समीप कुछ लोग रोज की तरह खेत की ओर गए तो किसान ने उक्त दोनों शव को देखा। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। यह खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई है। वास्तु विहार से ठीक सटे एक खेत से पॉलीथिन शीट में लिपटा दो युवकों का शव बरामद होने को लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होने लगी। घटना की सूचना मिलते ही बरौनी थाना की पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गए। पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शिनाख्त और मामले की तहकीकात में जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय के एसपी मनीष कुमार भी घटनास्थल पर पहुँच गये।